बेनीपट्टी मुख्यालय की नाला निर्माण को मिली स्वीकृति,सड़क पर जल-जमाव की समस्या का होगा समाधान€ एमएलसी घनश्याम ठाकुर
एमएलसी घनश्याम ठाकुर
बेनीपट्टी,
भारतीय जनता पार्टी के एमएलसी बेनीपट्टी विधानसभा क्षेत्र के निवासी घनश्याम ठाकुर की पहल बेनीपट्टी मुख्यालय में नाला निर्माण करने को लेकर की गई पहल केंद्र सरकार के विभागीय मंत्री ने आखिरकार स्वीकृति दे दी है! ज्ञात हो कि बेनीपट्टी नगर पंचायत एवं आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही जर्जर सड़क और जल-जमाव की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। बिहार विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) घनश्याम ठाकुर के अनुरोध पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बेनीपट्टी बाजार में नाला निर्माण के लिए प्राक्कलन स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी है। साथ ही बेनीपट्टी-उच्चैठ बाईपास निर्माण कार्य के प्रगति पर होने की भी पुष्टि की गई है।एमएलसी घनश्याम ठाकुर ने बताया कि उन्होंने 26 अगस्त 2025 को केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर धनौजा गांव से सिद्धपीठ उच्चैठ भगवती स्थान होते हुए बेनीपट्टी बाजार और धकजरी तक की सड़क की जर्जर स्थिति तथा बाजार क्षेत्र में जल-जमाव की गंभीर समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने कहा था कि सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा भेजे गए आधिकारिक पत्र के अनुसार बेनीपट्टी बाजार को जल-जमाव की समस्या से राहत दिलाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा अलग से प्राक्कलन स्वीकृत किया गया है। इस कार्य को ‘डिपॉजिट बेसिस’ पर पथ निर्माण विभाग, बिहार सरकार को हस्तांतरित किया गया है ताकि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सके।पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बेनीपट्टी-उच्चैठ बाईपास निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा संबंधित सड़क खंड पर आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्य भी कराया जा रहा है ताकि आवागमन सुचारु बना रहे।एमएलसी घनश्याम ठाकुर ने इस पहल के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता को सड़क और जल-जमाव जैसी मूलभूत समस्याओं से मुक्ति दिलाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नाला निर्माण एवं बाईपास परियोजना पूर्ण होने के बाद बेनीपट्टी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा तथा लोगों को जल-जमाव की समस्या से राहत मिलेगी।उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति पर वे लगातार नजर बनाए रखेंगे ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित हो सके।
