गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आधुनिक एवं मजबूत शैक्षणिक व्यवस्था अत्यंत आवश्यक::- विधायक माधव आनंद
शिक्षा मंत्री से मिलते मधुबनी के विधायक
मधुबनी
मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रधान महासचिव एवं बिहार विधान सभा की शून्यकाल समिति के सभापति माधव आनंद ने बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी से पटना में शिष्टाचार मुलाकात कर अपने विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।बैठक के दौरान श्री आनंद ने विशेष रूप से मधुबनी क्षेत्र के विद्यालयों में शैक्षणिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने, भवन निर्माण, स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर मंत्री जी का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आधुनिक एवं मजबूत शैक्षणिक व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।इस अवसर पर श्री माधव आनंद ने मधुबनी स्थित ऐतिहासिक वाटसन उच्च विद्यालय को “मॉडल स्कूल” के रूप में विकसित करने हेतु माननीय शिक्षा मंत्री को एक विस्तृत प्रतिनिधित्व भी सौंपा। उन्होंने कहा कि वाटसन विद्यालय का शैक्षणिक एवं ऐतिहासिक महत्व अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है तथा इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित किए जाने से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश कुमार तिवारी जी ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक सहमति प्रदान करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने मधुबनी विधानसभा क्षेत्र से संबंधित अन्य शैक्षणिक समस्याओं एवं लंबित विषयों के समाधान हेतु भी प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने की बात कही। माधव आनंद ने माननीय शिक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में मधुबनी के शैक्षणिक क्षेत्र में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।
