हिरण्यकशिपु हमारा अहंकार, क्रोध और लोभ है, जबकि प्रह्लाद हमारी अटूट श्रद्धा का प्रतीक :-: आचार्य विनय चेतन शास्त्री
भागवत कथा में विधायक माधव आनंद
मधुबनी
बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक डॉ. संजीव चौरसिया एवं मधुबनी विधायक माधव आनंद ने कथा में की सहभागिता, अतिथियों का मिथिला पाग एवं अंगवस्त्र से हुआ सम्मान।
मधुबनी। जिले के पंडौल प्रखंड अंतर्गत हरिपुर ड्योढ़ी परिसर में बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा के सहयोग से आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ के तीसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। अयोध्या धाम से पधारे प्रख्यात शास्त्रोपासक एवं भागवत मर्मज्ञ आचार्य विनय चेतन शास्त्री जी महाराज ने भक्त प्रह्लाद के चरित्र, उनकी अनन्य ईश्वर भक्ति और भगवान श्रीहरि के प्रति अटूट विश्वास का अत्यंत भावपूर्ण एवं सारगर्भित वर्णन किया।
इस अवसर पर बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक डॉ. संजीव चौरसिया एवं मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक तथा विधानसभा में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के नेता श्री माधव आनंद की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों अतिथियों ने कथा स्थल पर पहुंचकर आचार्य विनय चेतन शास्त्री जी महाराज का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। कथा प्रवर्तक आचार्य श्री ने अतिथियों को अंगवस्त्र प्रदान कर आशीर्वाद दिया। वहीं आयोजन की ओर से दोनों अतिथियों को मिथिला की पारंपरिक पहचान मिथिला पाग एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने विकसित बिहार के संकल्प, सामाजिक समरसता और राज्य के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
गर्भ में ही प्राप्त हुए थे प्रह्लाद को भक्ति के संस्कार
कथा के दौरान आचार्य विनय चेतन शास्त्री जी महाराज ने भक्त प्रह्लाद के जन्म से पूर्व उनके जीवन में आए आध्यात्मिक संस्कारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भागवत महापुराण में वर्णित महान भक्तों में प्रह्लाद का स्थान अत्यंत विशिष्ट और सर्वोच्च है। प्रह्लाद ने भक्ति किसी पाठशाला में नहीं सीखी, बल्कि उन्हें भक्ति के संस्कार अपनी माता के गर्भ में ही प्राप्त हुए थे।
आचार्य श्री ने बताया कि जब भक्त प्रह्लाद अपनी माता कयाधु के गर्भ में थे, उस समय देवर्षि नारद जी ने उनकी माता को भगवान की महिमा और भागवत धर्म का उपदेश दिया था। माता विश्राम करने लगीं, लेकिन गर्भ में पल रहा शिशु उस दिव्य ज्ञान को ग्रहण कर रहा था। वही आध्यात्मिक ज्ञान आगे चलकर प्रह्लाद के जीवन का आधार बना।
उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन में संस्कारों की नींव बहुत प्रारंभिक अवस्था से ही पड़ती है। गर्भकाल से ही मिलने वाले अच्छे संस्कार, धार्मिक वातावरण और आध्यात्मिक विचार जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। जिस बच्चे के हृदय में बचपन से ही अच्छे संस्कार और ईश्वर के प्रति श्रद्धा स्थापित हो जाए, उसे संसार की नकारात्मक शक्तियां आसानी से अपने मार्ग से विचलित नहीं कर सकतीं।
आज का हिरण्यकशिपु हमारा अहंकार, क्रोध और लोभ है
आचार्य श्री ने अपने प्रवचन में वर्तमान सामाजिक एवं पारिवारिक जीवन से भक्त प्रह्लाद की कथा को जोड़ते हुए एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा, “आज का हिरण्यकशिपु कोई दूसरा व्यक्ति नहीं, बल्कि हमारे भीतर बैठा अहंकार, क्रोध और लोभ है। वहीं आज का प्रह्लाद हमारे अंतर्मन में विद्यमान वह छोटी-सी श्रद्धा है, जो हमें निरंतर यह विश्वास दिलाती है कि भगवान हैं और वे सब कुछ देख रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि जब मनुष्य अहंकार में डूब जाता है, तब वह स्वयं को सर्वोपरि समझने लगता है। हिरण्यकशिपु भी इसी अहंकार का प्रतीक था। उसे ब्रह्मा जी से विशेष वरदान प्राप्त हुआ था कि उसकी मृत्यु न दिन में हो, न रात में, न घर के अंदर हो, न बाहर, न मनुष्य से हो, न पशु से और न किसी अस्त्र या शस्त्र से। इस वरदान ने उसके भीतर इतना अहंकार भर दिया कि वह स्वयं को भगवान मानने लगा और अपनी प्रजा से अपनी पूजा करवाने लगा।
लेकिन उसका अपना पांच वर्षीय पुत्र प्रह्लाद भगवान विष्णु को ही सर्वशक्तिमान मानता था। आचार्य श्री ने कहा कि हिरण्यकशिपु के लिए यह बात असहनीय थी कि उसका पुत्र उसकी पूजा करने के बजाय भगवान श्रीहरि का नाम लेता है।
राजनीति, अर्थशास्त्र और दंडनीति के बीच प्रह्लाद ने चुनी हरि भक्ति
आचार्य श्री ने बताया कि हिरण्यकशिपु ने प्रह्लाद को सांसारिक शिक्षा देने के लिए गुरुकुल भेजा, जहां उन्हें राजनीति, अर्थशास्त्र और दंडनीति जैसी विद्याएं सिखाई गईं। लेकिन प्रह्लाद के हृदय में तो केवल भगवान विष्णु की भक्ति बसी हुई थी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें सबसे बड़ी विद्या हरि नाम का स्मरण करना ही लगता है।
आचार्य ने कहा कि सच्ची शिक्षा वही है, जो मनुष्य को विनम्र, संस्कारी, सत्यनिष्ठ और सदाचारी बनाए। केवल सांसारिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, जीवन में आध्यात्मिक चेतना और नैतिक मूल्यों का होना भी आवश्यक है।
भक्ति की परीक्षा सुख में नहीं, दुःख में होती है
भक्त प्रह्लाद पर हुए अत्याचारों का वर्णन करते हुए आचार्य विनय चेतन शास्त्री जी महाराज ने कहा कि हिरण्यकशिपु ने अपने ही पुत्र की भक्ति को समाप्त करने के लिए अनेक प्रकार की यातनाएं दीं। कभी उन्हें पहाड़ से गिरवाया गया, कभी हाथियों के पैरों तले कुचलवाने का प्रयास किया गया, कभी विष पिलाया गया, तो कभी विषैले सर्पों के बीच डाल दिया गया। उन्हें समुद्र में फेंका गया और अंततः अपनी बहन होलिका की गोद में अग्नि में बैठा दिया गया।
लेकिन प्रह्लाद हर संकट में भगवान के नाम का स्मरण करते रहे। उनके मुख पर एक ही मंत्र था—
“ॐ नमो भगवते वासुदेवाय।”
आचार्य श्री ने कहा कि सच्ची भक्ति की पहचान विपरीत परिस्थितियों में होती है। जब जीवन में सब कुछ अनुकूल हो, तब भगवान का नाम लेना आसान है, लेकिन कठिनाइयों और संकटों के बीच भी जिसकी श्रद्धा अडिग रहे, वही सच्चा भक्त है।
होलिका प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि होलिका को अग्नि से सुरक्षित रहने का वरदान प्राप्त था, लेकिन जब उसने उस वरदान का उपयोग अधर्म और निर्दोष भक्त को नष्ट करने के लिए किया, तब वही अग्नि उसके विनाश का कारण बनी और भक्त प्रह्लाद सुरक्षित बच गए। यही प्रसंग हमें संदेश देता है कि अधर्म और अहंकार का अंत निश्चित है, जबकि सच्ची भक्ति और धर्म की हमेशा विजय होती है। इसी स्मृति में आज भी होलिका दहन की परंपरा निभाई जाती है।
जब भगवान ने खंभे से प्रकट होकर भक्त के विश्वास को सत्य किया
