मधुबनी के विधायक माधव आनंद मुख्यमंत्री से मिलते 
 मधुबनी 
विधानसभा क्षेत्र 36-मधुबनी के विधायक एवं बिहार विधान सभा में नेता विधायक दल माधव आनंद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर  बताया कि सोमवार  को उन्होंने लोक सेवक आवास (1, अणे मार्ग) में बिहार के  मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी से शिष्टाचार मुलाकात कर मधुबनी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित एवं विकासात्मक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।मुलाकात के दौरान विधायक श्री आनंद ने  मुख्यमंत्री जी को दो महत्वपूर्ण प्रतिवेदन सौंपे। पहला, मधुबनी शहर के गुमटी संख्या-13 पर वर्षों से लंबित रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति दिलाने संबंधी तथा दूसरा, मधुबनी शहर में प्रस्तावित “मिथिला हाट” परियोजना हेतु डीपीआर प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराने संबंधी था।विधायक माधव आनंद ने  मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया कि गुमटी संख्या-13 पर रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण मधुबनी शहर की यातायात व्यवस्था, व्यापारिक गतिविधियों एवं आम लोगों की सुविधा के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रतिदिन हजारों लोगों को जाम एवं आवागमन की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यह मांग लंबे समय से स्थानीय जनता द्वारा उठाई जाती रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने माननीय केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी से मुलाकात कर इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया था। साथ ही माननीय मुख्यमंत्री जी से अनुरोध किया गया कि वे स्वयं रेल मंत्रालय स्तर पर पहल कर इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने में सहयोग करें। मुख्यमंत्री जी ने विषय की गंभीरता को देखते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया तथा कहा कि राज्य सरकार की ओर से आवश्यक समन्वय एवं पहल की जाएगी ताकि क्षेत्र की जनता को शीघ्र राहत मिल सके।विधायक माधव आनंद ने कहा कि मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, आधारभूत संरचना के विस्तार, रोजगार सृजन तथा सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने हेतु उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास और आशीर्वाद दिया है, उसे विकास कार्यों के माध्यम से और अधिक मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि “राजनीति मेरे लिए केवल पद नहीं, बल्कि जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास का माध्यम है। मधुबनी के सम्मान, विकास और अधिकारों के लिए मेरी लड़ाई आगे भी पूरी मजबूती से जारी रहेगी।”

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ट्रेंडिंग न्यूज़

error: Content is protected !!