भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन, मिथिला की परंपरा के साथ कर्मियों का हुआ सम्मान

0
विदाई समारोह कार्यक्रम
 बेनीपट्टी 
बाल विकास परियोजना कार्यालय बेनीपट्टी में बुधवार को एक गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यालय में पदस्थापित महिला पर्यवेक्षक एवं कार्यपालक सहायकों को उनके उत्कृष्ट कार्यों, समर्पण एवं सेवाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए भावभीनी विदाई दी गई।समारोह की अध्यक्षता परियोजना पदाधिकारी कुमारी रेखा ने की। उन्होंने सभी सम्मानित कर्मियों को मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप पाग एवं दोपट्टा पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी संस्था की सफलता उसके कर्मियों की निष्ठा, ईमानदारी और टीम भावना पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मियों ने अपने कार्यकाल में बाल विकास एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुभव और सेवाओं को सदैव याद रखा जाएगा।अपने संबोधन में परियोजना पदाधिकारी ने सभी सम्मानित कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर सफलता की कामना करते हुए कहा कि स्थानांतरण अथवा सेवा परिवर्तन प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन कार्यस्थल पर बनाए गए आत्मीय संबंध हमेशा स्मरणीय रहते हैं।इस अवसर पर एल.एस. दीपिका कुमारी, सुमन कुमारी, सुरभि प्रिया, संजना कुमारी, जय भारती कुमारी एवं फूल कुमारी, रीता कुमारी, नेहा, रेखा कुमारी,प्रीति कुमारी, पूनम कुमारी सहित सभी महिला पर्यवेक्षक उपस्थित रहीं। सभी ने सम्मानित कर्मियों के साथ बिताए गए कार्यकाल के अनुभव साझा किए तथा उनके योगदान की सराहना करते हुए भावभीनी शुभकामनाएँ दीं।समारोह में कार्यपालक सहायक रौशन कुमार राय, दिवाकर झा एवं धरमु झा ने भी अपने विचार व्यक्त किए और सम्मानित कर्मियों के साथ कार्य करने के अनुभव साझा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम की एक विशेष झलक तब देखने को मिली जब केंद्र संख्या 388 की सेविका रागिनी कुमारी ने सभी सम्मानित कर्मियों को पुष्प भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस आत्मीय सम्मान से समारोह का वातावरण और भी भावुक एवं सौहार्दपूर्ण बन गया।समारोह के दौरान परियोजना पदाधिकारी कुमारी रेखा नें सम्मानित कर्मियों के प्रति अपना स्नेह एवं सम्मान व्यक्त किया।उन्हें स्मृति-चिह्न, पुष्प एवं शुभकामनाओं के साथ विदाई देते हुए उनके आगामी जीवन एवं दायित्वों के लिए सफलता की कामना की।विदाई समारोह का समापन सामूहिक शुभकामनाओं, स्मृति-चित्रों एवं एक-दूसरे के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान आत्मीयता, सम्मान और पारिवारिक वातावरण की झलक देखने को मिली, जिसने इस विदाई समारोह को सभी के लिए अविस्मरणीय बना दिया।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ट्रेंडिंग न्यूज़

error: Content is protected !!