October 27, 2026

27 अक्टूबर से 26 नवंबर तक चलेगा नशा मुक्त बिहार अभियान, गांव-गांव एवं घर-घर पहुंचेगा जागरूकता का संदेश

0
शपथ दिलाते एडीएम मुकेश रंजन 
मधुबनी
नशा मुक्त बिहार के निर्माण तथा आम लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक माह तक चलने वाले विशेष नशा मुक्ति अभियान का शुभारंभ मंगलवार को माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा पटना से किया गया। राज्य स्तरीय शुभारंभ समारोह का सीधा प्रसारण सभी जिलों में किया गया। इस अवसर पर मधुबनी जिले में स्थानीय महिला कॉलेज के सभागार में कार्यक्रम का लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से प्रसारण किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों के साथ अपर समाहर्ता (राजस्व), अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, उत्पाद अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य संबंधित लोग शामिल हुए।
27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक चलेगा अभियान
नशा मुक्त बिहार अभियान 27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना, नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशा मुक्त बिहार के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई गई। शपथ में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करने, दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, नशीले पदार्थों से संबंधित कानूनों एवं नियमों का पालन करने तथा जागरूक, सशक्त और नशा मुक्त बिहार के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प शामिल रहा।
गांव-गांव एवं घर-घर तक पहुंचेगा नशा मुक्ति का संदेश
अभियान के तहत नशा मुक्ति के संदेश को गांव-गांव एवं घर-घर तक पहुंचाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। जनभागीदारी के माध्यम से इसे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान करने पर विशेष बल दिया जाएगा। इसके लिए सभी नगर निकायों, आईसीडीएस, जीविका, पंचायती राज, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग सहित संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर होर्डिंग एवं फ्लैक्स लगाए जाएंगे। जीविका दीदियों तथा आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं के माध्यम से घर-घर भ्रमण कार्यक्रम आयोजित कर आम लोगों को नशा मुक्ति का संदेश दिया जाएगा। विद्यालयों एवं अन्य उपयुक्त स्थलों पर जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से बच्चों, युवाओं, महिलाओं तथा समुदाय के अन्य सदस्यों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने डे-वाइज वर्क प्लान तैयार करने का दिया निर्देश
जिलाधिकारी ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक कार्यक्रम एवं गतिविधि का दिवसवार कार्ययोजना (डे-वाइज वर्क प्लान) तैयार करने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य सभी कार्यक्रमों के आयोजन में एकरूपता बनाए रखने के साथ उन्हें सुव्यवस्थित, आकर्षक एवं प्रभावशाली स्वरूप प्रदान करना है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अभियान के सफल एवं सुचारु क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभाग अपने-अपने निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें। कार्यक्रमों के आयोजन, विभागीय समन्वय, जनभागीदारी तथा जागरूकता गतिविधियों के प्रभावी संचालन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है।
स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज पर पड़ता है नशे का प्रतिकूल प्रभाव
नशे का सेवन व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित होने के साथ सामाजिक संबंधों एवं सामाजिक व्यवस्था पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है। ऐसे में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता तथा नशे से दूर रहने के लिए लोगों को प्रेरित करना अत्यंत आवश्यक है।
इस अभियान के माध्यम से आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देने, विशेषकर युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रेरित करने तथा परिवार एवं समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
नशे से संबंधित सूचना के लिए हेल्पलाइन /टाल फ्री नंबर जारी
जिले में नशीले पदार्थों से संबंधित सूचना देने के लिए एंटी नारकोटिक हेल्पलाइन नंबर 90316 26043 जारी किया गया है। इस नंबर पर मैसेज के माध्यम से सूचना दी जा सकती है, जिसके आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है। इसके अतिरिक्त टोल-फ्री नंबर 15545 एवं 18003456268 भी उपलब्ध हैं।
जिलाधिकारी की जिलेवासियों से अपील
~जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे नशा मुक्त बिहार अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा स्वयं नशीले पदार्थों से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि आम नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों की सामूहिक सहभागिता से ही संभव है।
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान करने, नशा मुक्ति के संदेश को प्रत्येक घर तक पहुंचाने तथा स्वस्थ, जागरूक, सुरक्षित एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने की अपील की है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ट्रेंडिंग न्यूज़

error: Content is protected !!