बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न, मधुबनी जिले के सभी 55 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ मतदान
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 80.08 प्रतिशत तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 49.56 प्रतिशत मतदान दर्ज
खेल भवन सह व्यायामशाला दरभंगा मे 27 अक्टूबर को होगी मतगणना
निरीक्षण करते अधिकारी
मधुबनी,
बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मधुबनी जिले में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिले के दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के सभी 55 मतदान केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से पूरी कराई गई। मतदान के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान सुनिश्चित करने के लिए एआरओ सह डीएम तथा एसएसपी द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह- जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर मतदान प्रक्रिया के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए मतदान कर्मियों के साथ पांच जोनल मजिस्ट्रेट, पांच जोनल पुलिस पदाधिकारी, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर पुलिस पदाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। संबंधित अधिकारियों एवं दंडाधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था। सभी सक्रिय एवं तत्पर रहे।
समयवार मतदान प्रतिशत
जिले में मतदान के दौरान शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान का प्रतिशत निम्नवत रहा—
पूर्वाह्न 10 बजे: शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 13.78 प्रतिशत तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 5.36 प्रतिशत मतदान।
दोपहर 12 बजे: शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 39.69 प्रतिशत तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 14.50 प्रतिशत मतदान।
अपराह्न 2 बजे: शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 68.29 प्रतिशत तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 29.10 प्रतिशत मतदान।
अपराह्न 4 बजे: शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 80.08 प्रतिशत तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 49.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इस प्रकार, अपराह्न 4 बजे तक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 80.08 प्रतिशत तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 49.56 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।
मतदान समाप्ति के उपरांत सभी मतदान दलों द्वारा मतपेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सीलबंद कर पुलिस अभिरक्षा में दरभंगा स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला के कलेक्टिंग सेंटर पर जमा कराया जाएगा। उक्त परिसर में ही वज्रगृह एवं मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को मतों की गिनती की जाएगी।सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं मतदान दलों को निर्देश दिया है कि मतपेटिकाओं को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पूरी जवाबदेही के साथ पुलिस अभिरक्षा में कलेक्टिंग सेंटर तक पहुंचाया जाए तथा उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा कराया जाए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता, अनुशासन एवं सुरक्षा सर्वोपरि हैं। मतदान से संबंधित सभी कार्यों को निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप संपन्न कराना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। मतदान के बाद मतपेटिकाओं को सुरक्षित रूप से निर्धारित कलेक्टिंग सेंटर तक पहुंचाना और उन्हें नियमानुसार जमा कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतपेटिकाओं के परिवहन एवं जमा करने की प्रक्रिया पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ सुनिश्चित करें।
