मधुबनी में केंद्रीय विद्यालय संचालन का रास्ता साफ, वाटसन10+2 विद्यालय में शुरू हो सकती है पढ़ाई
“प्रबंधन समिति ने दी एनओसी”, विधायक माधव आनंद बोले– विद्यार्थियों के भविष्य के लिए ऐतिहासिक पहल”
विधायक माधव आनंद
मधुबनी
मधुबनी जिले में लंबे समय से केंद्रीय विद्यालय की मांग पूरी होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। वाटसन 10+2 विद्यालय, मधुबनी की प्रबंधन समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि केंद्रीय विद्यालय का स्थायी भवन तैयार होने तक विद्यालय का संचालन वाटसन 10+2 विद्यालय परिसर से कराया जा सकता है। इसके लिए प्रबंधन समिति ने अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) देने का निर्णय लिया है।प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सह मधुबनी विधायक माधव आनंद ने इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई निवेश नहीं होता। यदि जिले के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए संस्थागत सहयोग देना पड़े तो यह समाज और जनप्रतिनिधियों का नैतिक दायित्व है।उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन के मानकों के अनुरूप विद्यालय परिसर में आवश्यक मरम्मत, कक्षाओं का उन्नयन, आधारभूत सुविधाओं के विकास सहित अन्य आवश्यक कार्यों को भी प्रबंधन समिति ने स्वीकृति दे दी है, ताकि केंद्रीय विद्यालय का संचालन बिना किसी बाधा के शीघ्र शुरू किया जा सके।विधायक ने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी आनंद शर्मा, अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार झा तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय कुमार पांडेय को पत्र भेजकर आवश्यक प्रशासनिक समन्वय एवं सहयोग का अनुरोध किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और केंद्रीय विद्यालय संगठन के समन्वित प्रयास से सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी होंगी।माधव आनंद ने कहा कि उनका संकल्प है कि मधुबनी का प्रत्येक बच्चा आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे। शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि मधुबनी के सर्वांगीण विकास में शिक्षा सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा केंद्रीय विद्यालय का संचालन शुरू होना हजारों विद्यार्थियों और अभिभावकों के वर्षों पुराने सपनों को साकार करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि होगी।उन्होंने वाटसन विद्यालय की प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ-साथ जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।भवन निर्माण में लगेगा समय, इसलिए वाटसन 10+2विद्यालय से शुरू हो पढ़ाई!गौरतलब है कि बिहार सरकार ने मधुबनी जिले के राजनगर प्रखंड के महीनाथपुर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की है। हालांकि स्थायी भवन के निर्माण एवं आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था में अभी समय लगेगा। ऐसे में जिले के शिक्षाविदों एवं आम लोगों का मानना है कि नए शैक्षणिक सत्र से ही वाटसन 10+2 विद्यालय, मधुबनी से केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएं शुरू कर दी जाएं। जिला मुख्यालय में स्थित होने के कारण यहां आवश्यक आधारभूत सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं, जिससे विद्यार्थियों को बिना विलंब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा। यदि सरकार शीघ्र निर्णय लेती है तो यह मधुबनी के हजारों विद्यार्थियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगी।
