मधुबनी में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के विकास को मिलेगा बढ़ावा::- विधायक माधव आनंद
केंद्रीय मंत्री चिराग मिलते विधायक माधव आनंद
मधुबनी
दिल्ली प्रवास के दौरान मधुबनी के विधायक माधव आनंद ने बुधबार को केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान से शिष्टाचार मुलाकात की।इस अवसर पर बिहार के समग्र विकास तथा विशेष रूप से मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के औद्योगिक विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। विधायक माधव आनंद ने मधुबनी में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निजी निवेश को आकर्षित करने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग एवं मार्गदर्शन का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि मधुबनी जिला कृषि उत्पादों के मामले में समृद्ध है और यहां खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की अपार संभावनाएं हैं।

यदि इस क्षेत्र में निजी निवेश को बढ़ावा मिलता है तो इससे स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। मंत्री चिराग पासवान ने विधायक की पहल की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग एवं सहायता का आश्वासन दिया।विधायक माधव आनंद ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से मधुबनी में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के विकास को नई गति मिलेगी, जिससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
