मधुबनी के औद्योगिकीकरण को मिलेगा नया बल::विधायक माधव आनंद
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मिलते मधुबनी के विधायक माधव आनंद
मधुबनी
मधुबनी के विधायक माधव आनंद ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान मंगलवार को केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से शिष्टाचार भेंट की।इस महत्वपूर्ण बैठक में मधुबनी जिले के औद्योगिकीकरण, रोजगार सृजन तथा क्षेत्र में निजी निवेश को बढ़ावा देने जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। विशेष रूप से टेक्सटाइल, हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम, सिल्क एवं अन्य पारंपरिक उद्योगों के विकास को लेकर विचार-विमर्श किया गया। विधायक माधव आनंद ने मंत्री गिरीराज सिंह को अवगत कराया कि मधुबनी में पारंपरिक कला एवं वस्त्र उद्योग की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें उचित प्रोत्साहन एवं नीति सहयोग के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्र में नए उद्योगों की स्थापना एवं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। मंत्री गिरिराज सिंह ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना एवं आश्वस्त किया कि वस्त्र मंत्रालय की ओर से मधुबनी के औद्योगिक विकास हेतु हर संभव सहयोग एवं समर्थन प्रदान किया जाएगा।विधायक माधव आनंद ने इस सकारात्मक आश्वासन के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि इससे मधुबनी के विकास एवं आत्मनिर्भरता को नई दिशा मिलेगी।
