November 18, 2026

आस्था और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ

0
मिथिला से विदेशों तक गूंजा छठी मैया का जयकारा, विधायक, मंत्री, अधिकारी, ने भी अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य
 मधुबनी
लोक आस्था, पवित्रता, त्याग और समर्पण का चार दिवसीय महापर्व छठ पूरे मिथिला सहित देश-विदेश में उत्साहपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो गया। नदियों, तालाबों, पोखरों और विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और समाज के कल्याण की कामना की।इसी परंपरा को निभाते हुए बिहार सरकार के मंत्री सह फुलपरास के विधायक का शीला मंडल, बाबूबरही विधानसभा क्षेत्र की विधायक मीना कुमारी कामत, दर्जनों अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ने भी अपने आवास के समीप स्थित पोखर में पूरे विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ छठ पूजा की। उन्होंने अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य तथा उदीयमान सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित किया।
छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय लोक संस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का अनुपम प्रतीक है। भगवान सूर्य और छठी मैया को समर्पित इस महापर्व में स्वच्छता, पवित्रता, संयम और अनुशासन का विशेष महत्व है। खासकर मिथिलांचल में छठ पर्व पारिवारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। यहां इस महापर्व में शायद ही कोई परिवार ऐसा हो, जो किसी न किसी रूप में इस परंपरा से जुड़ा नहीं रहता हो।
वैदिक परंपरा में सूर्योपासना का विशेष महत्व रहा है। सूर्य को प्रत्यक्ष देवता माना गया है, जिनसे पृथ्वी पर जीवन और ऊर्जा का संचार होता है। रामायण और महाभारत से जुड़ी धार्मिक मान्यताएं भी सूर्योपासना की प्राचीन परंपरा को दर्शाती हैं। हालांकि छठ पर्व की शुरुआत कब और किस वर्ष हुई, इसका कोई निश्चित ऐतिहासिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है।
चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना के बाद व्रती लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास रखते हैं। तीसरे दिन संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होता है। इस दौरान ठेकुआ, नारियल, केला, गन्ना, मौसमी फल तथा बांस के सूप और दउरा का विशेष महत्व रहता
मधुबनी, दरभंगा, सहित पूरे मिथिला में छठ को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों, पोखरों और नदी घाटों की साफ-सफाई तथा सजावट कई दिनों पहले से शुरू कर दी गई थी। भारत-नेपाल सीमा से सटे बिहार का मधुबनी जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में छठ की विशेष रौनक रही।
  नदी, तालाब, सहित विभिन्न जलस्रोतों के किनारे श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अर्घ्य दिया! छठ महापर्व हमें यह संदेश देता है कि जीवन में सुख-दुख, उत्थान-पतन और हर परिस्थिति का समान भाव से सम्मान करना चाहिए। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद उगते सूर्य का अभिनंदन करना जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण का प्रतीक है।मिथिला से लेकर देश के महानगरों और विदेशों तक छठी मैया के जयकारों की गूंज इस बात का प्रमाण है कि आधुनिकता के दौर में भी लोक आस्था, संस्कृति और परंपराओं के प्रति लोगों का विश्वास अटूट बना हुआ है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!