November 12, 2026

छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट एंड एक्टिव , सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम::- डीएम एसपी 

0
जिले में 626 दंडाधिकारी एवं 626 पुलिस पदाधिकारी सहित पुलिस बल की तैनाती
 अफवाह फैलाने और विधि-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
14 से 17 नवंबर तक सभी अवकाश रद्द
 जिलाधिकारी
मधुबनी
लोक आस्था, श्रद्धा, भक्ति एवं सूर्योपासना का महापर्व छठ पूरे उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। छठ महापर्व के दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा तथा विधि-व्यवस्था संधारित रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। पर्व के सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त आदेश जारी किया है। इसके तहत जिले में थानावार कुल 626 दंडाधिकारियों एवं 626 पुलिस पदाधिकारियों के साथ पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्धारित स्थल पर ससमय उपस्थित होकर पूरी मुस्तैदी एवं जवाबदेही के साथ अपने-अपने कर्तव्य का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि छठ महापर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अलर्ट मोड में रहेंगे तथा अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर लगातार सक्रिय रहकर स्थिति पर नजर रखेंगे। अफवाह फैलाने वाले, असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। ऐसे तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय को अपने-अपने क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने को कहा गया है। उन्हें भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 107 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया है।
छठ घाटों की सुरक्षा एवं स्वच्छता पर विशेष जोर
नगर आयुक्त एवं सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण करने तथा नदी एवं तालाबों में पानी की गहराई का आकलन करने का निर्देश दिया गया है। खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग करने तथा लाल झंडे लगाने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालु खतरे वाले स्थानों की पहचान कर सकें और सुरक्षित सीमा के भीतर ही रहें। घाटों पर गोताखोरों, आपदा मित्रों एवं एसडीआरएफ टीम की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश प्रभारी पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन को दिया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आम लोगों को उसका अनुपालन करने के लिए जागरूक करने को कहा गया है।
छठ घाटों पर पटाखे फोड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को इस प्रतिबंध का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।
स्वास्थ्य, बिजली एवं अग्निशमन व्यवस्था रहेगी दुरुस्त
किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सदर अस्पताल मधुबनी, अनुमंडलीय अस्पतालों, रेफरल अस्पतालों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया है। भीड़भाड़ वाले प्रमुख छठ घाटों पर एंबुलेंस एवं चिकित्सीय दल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को निर्बाध एवं सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए सभी सहायक एवं कनीय अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क रहने तथा विद्युत व्यवस्था की नियमित निगरानी करने को कहा गया है। वहीं, जिला अग्निशमन पदाधिकारी एवं अनुमंडलों में कार्यरत अग्निशमन पदाधिकारियों को अति संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले छठ घाटों के समीप अग्निशमन वाहनों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
क्विक रिस्पांस टीम एवं मिनी कंट्रोल रूम का होगा गठन
आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण छठ घाटों के निकट क्विक रिस्पांस टीम गठित करने तथा मिनी कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। घाटों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था रखने एवं जिला/ अनुमंडल नियंत्रण कक्ष से निरंतर संपर्क बनाए रखने को कहा गया है।छठ पर्व के अवसर पर सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में रहेंगे तथा भ्रमणशील रहकर स्थिति की निगरानी करेंगे। छठ महापर्व 2026 के दौरान संपूर्ण विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त एवं वरीय पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय रहेंगे।
14 से 17 नवंबर तक सभी प्रकार के अवकाश रद्द
पर्व की संवेदनशीलता एवं प्रशासनिक तैयारियों को देखते हुए 14 नवंबर से 17 नवंबर तक सभी प्रकार के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं। विशेष परिस्थिति में जिला पदाधिकारी द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी की अनुशंसा पर ही अवकाश की स्वीकृति दी जाएगी।
जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित, दूरभाष नंबर जारी
छठ महापर्व के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए समाहरणालय, मधुबनी स्थित सभा कक्ष में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 06276-224425 है। नियंत्रण कक्ष में चार अलग-अलग पालियों/ग्रुप में अधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि पर्व के दौरान प्राप्त सूचनाओं एवं शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
डीएम की आम नागरिकों से अपील एवं सख्त निर्देश
जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी तत्परता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।
जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे छठ महापर्व को आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारे के वातावरण में मनाएं। प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं निर्देशों का पालन करें, गहरे पानी एवं प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें, बैरिकेडिंग एवं लाल झंडों से चिह्नित खतरनाक स्थानों से दूर रहें तथा घाटों पर पटाखे न फोड़ें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही अपुष्ट सूचनाओं को सोशल मीडिया पर साझा करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस या जिला नियंत्रण कक्ष को दें।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं शांतिपूर्ण वातावरण में छठ महापर्व के आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी के सहयोग एवं सतर्कता से इस लोक आस्था के महापर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ट्रेंडिंग न्यूज़

error: Content is protected !!