गुमटी नंबर 13 पर आरओबी निर्माण को लेकर रेल मंत्री से विधायक माधव आनंद की फोन पर बातचीत
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कराने का दिया भरोसा, वर्षों पुरानी मांग को लेकर विधायक लगातार कर रहे हैं प्रयास
रेल मंत्री से मिलते विधायक माधव आनंद फाइल फोटो
मधुबनी।
शहर के गुमटी संख्या-13 पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को लेकर मधुबनी विधायक माधव आनंद ने एक बार फिर पहल तेज कर दी है। इसी सिलसिले में 11 नवंबर को दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से उनकी फोन पर विस्तृत बातचीत हुई। विधायक ने रेल मंत्री को रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले भीषण जाम और इससे आम लोगों को होने वाली परेशानियों से अवगत कराते हुए आरओबी निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया।विधायक माधव आनंद के अनुसार, उन्होंने दिल्ली प्रवास के दौरान रेल मंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात का समय मांगा था। हालांकि मुलाकात नहीं हो सकी, लेकिन रेल मंत्री का स्वयं फोन आया और परियोजना को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। रेल मंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया।विधायक ने बताया कि इस परियोजना को लेकर उनका प्रयास लगातार जारी है। इससे पूर्व 16 मई 2026 को दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर विस्तृत प्रतिवेदन सौंपा गया था। वहीं, 25 मई 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी मुलाकात कर आरओबी निर्माण की आवश्यकता और इससे जुड़े जनहित के मुद्दों को रखा गया था। इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भी आधिकारिक जवाब प्राप्त हुआ था।उन्होंने बताया कि इसके बाद से वे समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम सहित रेलवे के संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। परियोजना की डीपीआर, फिजिबिलिटी स्टडी तथा अन्य तकनीकी एवं प्रक्रियागत कार्यों में भी प्रगति हुई है। अब उनका प्रयास है कि शेष प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कराकर परियोजना को निर्माण के स्तर तक पहुंचाया जाए।विधायक माधव आनंद ने कहा कि गुमटी संख्या-13 पर आरओबी का निर्माण केवल एक विकास परियोजना नहीं, बल्कि मधुबनी शहर की यातायात व्यवस्था, नागरिकों की सुरक्षा और हजारों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और आम यात्रियों को काफी परेशानी होती है। ऐसे में आरओबी का निर्माण शहर की बड़ी जरूरत है।उन्होंने कहा कि मधुबनी की जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर परिणाम चाहिए। इस मांग को पूरा कराने के लिए उनका प्रयास तब तक जारी रहेगा, जब तक परियोजना स्वीकृति और निर्माण की दिशा में निर्णायक रूप से आगे नहीं बढ़ जाती। उन्होंने कहा कि वे अपने प्रयासों और उनकी प्रगति को साक्ष्यों के साथ जनता के सामने रखते रहेंगे।विधायक ने सकारात्मक संवाद और सहयोग के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सहयोग से मधुबनी की इस बहुप्रतीक्षित मांग को सकारात्मक परिणाम तक पहुंचाने में सफलता मिलेगी।उन्होंने कहा कि मधुबनी की जनता की उम्मीदें उनकी जिम्मेदारी हैं और इस जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयासरत रहेंगे।
