November 5, 2026

बलिराजगढ़ घटना के अभियुक्त की अविलंब गिरफ्तारी हेतु डीएम ने की बैठक, वर्कप्लान के अनुरूप मिशन मोड मे छापेमारी तेज करने का निर्देश

0
डीएम ने स्पीडी ट्रायल की भेजी अनुशंसा,  
चौकीदार निलंबित, विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा; जिले के सभी थानों को अलर्ट रहने का निर्देश
पुलिस अधिकारी के साथ बैठक करते डीएम 
मधुबनी
बाबूबरही प्रखंड के बलिराजगढ़ में घटित संवेदनशील घटना के अभियुक्त की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा इस दिशा में की जा रही कार्रवाई को और तेज एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने समाहरणालय में वरीय पुलिस अधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सभी पुलिस उपाधीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में उन्होंने पुलिस अधिकारियों को पूरी सक्रियता एवं तत्परता के साथ निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप छापेमारी अभियान तेज करने तथा अभियुक्त की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया।जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि इस मामले में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गिरफ्तारी के लिए गठित पांच विशेष पुलिस टीम को निर्धारित वर्क प्लान के अनुरूप पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने तथा मिशन मोड में अभियान चलाकर जल्द से जल्द अभियुक्त को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर उपलब्ध सूचनाओं एवं संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा कार्रवाई की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने पीड़ित परिवार को अविलंब न्याय दिलाने के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए बताया कि मामले का स्पीडी ट्रायल सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रस्ताव एवं अनुशंसा जुडिशियरी  को भेज दी गई है, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके।विदित हो कि इस मामले में आरोपी एएसआई के विरुद्ध बाबूबरही थाना में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, घटना के दौरान कर्तव्य निर्वहन में चौकीदार की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी द्वारा उन्हें निलंबित कर दिया गया है तथा उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा भी की गई है।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी थानों को पूरी तरह एलर्ट एवं एक्टिव रहने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिसपदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी संवेदनशील गतिविधि की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में शांति व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था के संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जिले में शांति, सद्भाव एवं सामाजिक सौहार्द का वातावरण कायम रखना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी जिम्मेदारी, तत्परता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।जिला पदाधिकारी ने साइबर सेल को भी विशेष रूप से सक्रिय एवं तत्पर रहने का निर्देश दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पैनी नजर रखने, भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं तथा अफवाह फैलाने वाले तत्वों की पहचान करने और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने जिलावासियों से अपील की है कि वे जिले में शांति, सद्भाव एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अपुष्ट सूचना अथवा अफवाह पर ध्यान न दें और बिना सत्यापन के सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक या संवेदनशील सामग्री को साझा न करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आम नागरिकों के सहयोग एवं प्रशासनिक सतर्कता से जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था का वातावरण निरंतर कायम रहेगा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ट्रेंडिंग न्यूज़

error: Content is protected !!