जिला युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने किया पदभार ग्रहण, सम्मान समारोह आयोजित
स्वागत करते
मधुबनी
मधुबनी जिला कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित जिला एवं विधानसभा पदाधिकारियों का पदभार ग्रहण समारोह एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्वी जिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनी रंजन झा ने की।इस अवसर पर मधुबनी पूर्वी से युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष निर्वाचित एडवोकेट अतुल झा एवं मधुबनी पश्चिमी से युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष निर्वाचित गोविंद झा ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शाहिद हुसैन ने दोनों नवनिर्वाचित जिलाध्यक्षों को पदभार ग्रहण कराया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।समारोह में मधुबनी जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज झा, उपमहापौर अमनुल्लाह खान, बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट (प्रवक्ता) अभिषेक झा सहित,कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टेक नाथ पाठक, कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।इस दौरान बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव निर्वाचित विजय कृष्ण झा को सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विधानसभा एवं प्रखंडों में निर्वाचित युवा कांग्रेस पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।सम्मानित होने वाले प्रमुख पदाधिकारियों में बेनीपट्टी विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश गिरी, हरलाखी विधानसभा अध्यक्ष सुजीत कुमार, बेनीपट्टी प्रखंड युवा कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश राय, मधुबनी विधानसभा से आदेश प्रतिहस्त, राजनगर विधानसभा से रजनीश पांडेय तथा झंझारपुर विधानसभा अध्यक्ष सिराज गौहर शामिल रहे। विभिन्न प्रखंडों के नवनिर्वाचित अध्यक्षों को भी सम्मानित किया गया।पदभार हस्तांतरण के दौरान निवर्तमान युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शाहिद हुसैन ने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करना और युवाओं को संगठन से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रही है। आगे भी युवा कांग्रेस को मजबूत करने के साथ-साथ राहुल गांधी द्वारा युवाओं के अधिकार, रोजगार और न्याय के लिए उठाई जा रही आवाज को मजबूती प्रदान करने का काम किया जाएगा।
वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनी रंजन झा ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित पदाधिकारी युवाओं की आवाज बनें और संगठन की जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं तथा संगठन में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
