मधुबनी की जनता का विश्वास मेरी सबसे बड़ी जिम्मेदारी :-: विधायक माधव आनंद
गांव-गांव तक बेहतर सड़क और कनेक्टिविटी पहुंचाना मेरा संकल्प
मंत्री से मिलते विधायक
मधुबनी
मधुबनी विधानसभा क्षेत्र-36 में ग्रामीण सड़कों, आवागमन और बेहतर कनेक्टिविटी को लेकर विधायक सह बिहार विधानसभा की शून्यकाल समिति के सभापति माधव आनंद ने पटना में ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सुनील कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सड़क संबंधी समस्याओं को लेकर तीन महत्वपूर्ण प्रतिवेदन मंत्री को सौंपे।प्रतिवेदन में रहिका प्रखंड की विभिन्न ग्रामीण सड़कों को मुख्यमंत्री सड़क संपर्क योजना के तहत पक्कीकरण कराने, मधुबनी विधानसभा क्षेत्र में अनुरक्षण अवधि से बाहर हो चुके एवं जर्जर पथों के निर्माण व पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने तथा पंडौल प्रखंड की महत्वपूर्ण ग्रामीणसड़कों के पक्कीकरण एवं निर्माण की मांग शामिल है। साथ ही गांवों को आपस में बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।माधव आनंद ने कहा कि मधुबनी की जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, वह उनके लिए राजनीतिक उपलब्धि से कहीं बढ़कर जिम्मेदारी है। जनता के भरोसे को विकास और जनसुविधा में बदलना उनके सार्वजनिक जीवन का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि गांवों के विकास की जीवनरेखा है। बेहतर सड़क से गांवों को स्कूल, अस्पताल, बाजार, रोजगार और विकास के अवसरों से जोड़ा जा सकता है। इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।मंत्री सुनील कुमार ने तीनों प्रतिवेदनों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया कि कई महत्वपूर्ण सड़क योजनाओं को इसी वर्ष स्वीकृति देकर कार्यान्वित कराने का प्रयास किया जाएगा। शेष योजनाओं को अगले वर्ष स्वीकृति दिलाने की दिशा में भी आवश्यक पहल की जाएगी।माधव आनंद ने मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मधुबनी के विकास से जुड़े विषयों पर उन्हें पूर्व में भी सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा उनकी सबसे बड़ी पूंजी और जवाबदेही है तथा मधुबनी के गांव-गांव तक बेहतर सड़क, सुगम आवागमन और मजबूत कनेक्टिविटी पहुंचाने के लिए वे निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
