सीएसपी संचालक से हथियार के बल पर लूट के प्रयास का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
जानकारी देते डीसीपी अमित कुमार
बेनीपट्टी
बेनीपट्टी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया है कि साहारघाट थाना क्षेत्र के बसबरिया चौक स्थित एक सीएसपी संचालक से हथियार का भय दिखाकर रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लूटी गई ₹5,000 की राशि तथा अन्य कागजात बरामद किए गए हैं।
डीसीपी अमित कुमार ने बताया कि 27 जुलाई को सीएसपी संचालिका अनीता कुमारी बसबरिया चौक स्थित अपने केंद्र पर बैंक से दो लाख रुपये निकालकर पहुंची थीं। उन्होंने नकदी काउंटर के ड्रॉअर में रख दी, जबकि बैग में पहले से रखे ₹5,000 और अन्य कागजात अपने पास रखे हुए थीं। इसी दौरान शाम करीब चार बजे मोटरसाइकिल से पहुंचे दो बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर बैग छीन लिया और भागने लगे। स्थानीय ग्रामीणों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया।पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीतामढ़ी जिले के पुपरी थाना क्षेत्र निवासी गुलशन कुमार तथा साहारघाट थाना क्षेत्र के बसबरिया निवासी मनोज शर्मा के रूप में हुई है।पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों की संलिप्तता का भी खुलासा किया है। पुलिस उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।इस संबंध में साहारघाट थाना कांड संख्या 144/26 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेनीपट्टी के नेतृत्व में साहारघाट थाना पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया
