भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी जी का मिथिला परंपरा के अनुसार किया अभिनंदन
सम्मानित करते
मधुबनी
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार भाजपा के नवनियुक्त प्रभारी आदरणीय हरीश द्विवेदी जी के प्रथम पटना आगमन पर बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात कर मिथिला की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप पाग एवं मिथिला अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन एवं स्वागत किया।इस अवसर पर श्री झा ने हरीश द्विवेदी जी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में बिहार के विकास को नई गति मिलेगी तथा भारतीय जनता पार्टी का संगठन और अधिक सशक्त, समरस, सर्वव्यापी एवं व्यापक बनेगा।मुलाकात के दौरान बिहार की वर्तमान राजनीतिक एवं संगठनात्मक परिस्थितियों, राज्य के विकास और संगठनात्मक विस्तार सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। मृत्युंजय कुमार झा ने कहा कि हरीश द्विवेदी जी का राजनीतिक जीवन छात्र जीवन से प्रारंभ होकर संगठन और संसदीय राजनीति के विभिन्न पड़ावों से गुजरता हुआ राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचा है। वे लगातार सांसद रहे हैं तथा संसद के भीतर जनहित से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाते रहे हैं। आम जनता के साथ उनका सहज जुड़ाव और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद उनकी सार्वजनिक राजनीतिक यात्रा की महत्वपूर्ण विशेषताएं रही हैं।इस दौरान बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड की गतिविधियों, राज्य के 646 संस्कृत विद्यालयों की स्थिति, संस्कृत शिक्षा के विकास एवं सुदृढ़ीकरण तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण और संवर्धन से जुड़े विषयों को भी विस्तार से रखा गया।श्री झा ने आग्रह किया कि संस्कृत शिक्षा के व्यापक विकास के लिए केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार के समन्वित सहयोग से ठोस पहल हो। संस्कृत विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा संस्कृत शिक्षा को नई पीढ़ी से जोड़ने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएं।श्री झा ने विश्वास व्यक्त किया कि हरीश द्विवेदी जी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से बिहार में संस्कृत शिक्षा के उन्नयन, भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रसार और संस्कृत विद्यालयों के सशक्तीकरण के प्रयासों को नई दिशा एवं गति मिलेगी।
