मधुबनी नगर निगम एक्शन मोड में, छठ पर 90 घाट जगमगाएंगे, त्योहार बाद ट्रेड लाइसेंस पर चलेगा विशेष अभियान
छठ घाटों की साफ-सफाई से लेकर शहर की रोशनी तक की तैयारी पूरी करने का निर्देश, बिना ट्रेड लाइसेंस कारोबार करने वालों पर होगी कार्रवाई
बैठक करते नगर के अधिकारी
मधुबनी
मधुबनी नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की बैठक गुरुवार को मेयर अरुण राय की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई। बैठक में दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के साथ-साथ नगर निगम की आय बढ़ाने, ट्रेड लाइसेंस जारी करने और शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए मेयर अरुण राय ने कहा कि दीपावली और छठ जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों में घाटों एवं शहर की साफ-सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में चिह्नित 90 छठ घाटों की सूची तैयार कर ली गई है। सभी घाटों पर साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, चूना, बैरिकेडिंग, लाइटिंग एवं चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी। छठ तक विशेष स्वच्छता पखवाड़ा चलाया जाएगा। इसके लिए तीन शिफ्ट में सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
कचरा उठाव सुबह-शाम होगा तथा सभी वार्डों में पार्किंग अनिवार्य की गई है। शहर के सभी 45 वार्डों में फ्यूज स्ट्रीट लाइटों को 48 घंटे के अंदर बदलने और गड्ढों को भरने का निर्देश नगर प्रबंधक को दिया गया है।
ट्रेड लाइसेंस को लेकर सख्त रुख
बैठक में राजस्व बढ़ोतरी को लेकर ट्रेड लाइसेंस पर विस्तार से चर्चा हुई। नगर आयुक्त उमेश कुमार भारतीय ने स्पष्ट कहा कि शहर के सभी व्यवसायियों के लिए ट्रेड लाइसेंस लेना अनिवार्य है। बिना लाइसेंस के दुकान, प्रतिष्ठान, होटल, कोचिंग संस्थान या अन्य व्यवसाय संचालित नहीं होंगे।
उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान व्यवसायियों को परेशानी नहीं हो, इसलिए छठ महापर्व के तुरंत बाद नगर निगम विशेष अभियान चलाकर ट्रेड लाइसेंस निर्गत करेगा। इसके तहत टीम बनाकर दुकान-दुकान जाकर लाइसेंस की जांच और ऑन-द-स्पॉट निबंधन किया जाएगा। लाइसेंस नहीं लेने वाले प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा।
94.90 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति
बैठक में कुल आठ विचारणीय विषयों पर चर्चा हुई। इनमें पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि, दीपावली एवं छठ पर साफ-सफाई, जीएसटी विवरणी, टीडीएस, आयकर, भविष्य निधि, ईएसआई, रोकड़ बही एवं उपयोगिता प्रमाण-पत्र के लिए एजेंसी चयन सहित विवाह भवन की मरम्मत एवं साज-सज्जा के लिए 94.90 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति शामिल है।इसके अतिरिक्त विभागीय अधिसूचना 1769 पर विमर्श, खराब सड़कों के फुटपाथ की मरम्मत, जर्जर शौचालयों के नीचे स्थायी प्याऊ तथा आवश्यकतानुसार चापाकल लगाने पर भी चर्चा हुई।बैठक में वार्ड 40 की पार्षद विभा देवी, वार्ड 07 की कविता झा, वार्ड 08 के बद्री नारायण राय, वार्ड 15 की रूमी देवी, वार्ड 24 के जमील अंसारी, वार्ड 28 की सुनीता देवी एवं वार्ड 42 की प्रभा देवी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
