ज्ञान ही सबसे बड़ी शक्ति, शिक्षित युवा विकसित बिहार की मजबूत नींव : विधायक माधव आनंद
श्री कामेश्वर उच्च विद्यालय, पंडौल में बनेगी आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी
विधायक माधव आनंद
मधुबनी।
मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जल्द ही एक बड़ी शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध होगी। विधायक माधव आनंद ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की प्रेरणादायी सोच एवं प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की महत्वाकांक्षी पहल से प्रेरित होकर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मधुबनी के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के बाद श्री कामेश्वर उच्च विद्यालय, पंडौल में एक आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।विधायक माधव आनंद ने कहा कि “ज्ञान ही सबसे बड़ी शक्ति है और शिक्षित युवा ही विकसित बिहार की सबसे मजबूत नींव हैं।” उन्होंने कहा कि यह डिजिटल लाइब्रेरी विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तथा शोधार्थियों के लिए आधुनिक अध्ययन संसाधनों और डिजिटल तकनीक से युक्त ज्ञान का सशक्त केंद्र बनेगी।उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को भी गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षा, ई-लर्निंग सुविधाएं और आधुनिक अध्ययन सामग्री उनके अपने क्षेत्र में उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सकें और वे प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकें।विधायक ने विश्वास जताया कि यह परियोजना शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी तथा मधुबनी के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में नई ऊर्जा का संचार करेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस शैक्षणिक पहल को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से ज्ञान, तकनीक और शिक्षा से समृद्ध एवं सशक्त मधुबनी का निर्माण संभव होगा।
