13 अगस्त तक 60,994 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य हर हाल में पूरा करें: जिलाधिकारी

0
जिलाधिकारी आनंद शर्मा 
मधुबनी
जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा, भा.प्र.से. की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में नए राशन कार्ड निर्माण कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम  के अंतर्गत जिले को प्राप्त 60,994 नए राशन कार्ड निर्माण के लक्ष्य को 13 अगस्त 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रखंड को निर्धारित दैनिक लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना होगा।जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र के प्रखंडों की नियमित समीक्षा करें तथा पंचायतवार लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें। आवश्यकता पड़ने पर कार्यपालक सहायकों की सेवाएं भी इस कार्य में ली जाएं।बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि महादलित टोला एवं मोहल्लों में छूटे हुए पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें राशन कार्ड हेतु आवेदन कराने में विशेष अभियान चलाया जाए। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी स्थानीय वसुधा केंद्र/सीएससी संचालकों के साथ बैठक कर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आवेदन सुनिश्चित करेंगे।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राशन कार्ड निर्माण कार्य पूर्ण होने तक सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों का आकस्मिक अवकाश स्थगित रहेगा। अपरिहार्य परिस्थितियों में ही सक्षम स्तर से अनुमति प्राप्त कर अवकाश स्वीकृत किया जाएगा।ज़िलाधिकारी ने निदेश दिया कि आवेदन प्राप्त होने के समय आवश्यक दस्तावेजों—जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र आदि—की उपलब्धता सुनिश्चित कराते हुए आवेदनों का शीघ्र निष्पादन किया जाए। सभी अनुमंडल पदाधिकारी प्रतिदिन शाम 5 बजे तक प्रगति प्रतिवेदन जिला आपूर्ति पदाधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों एवं जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के सहयोग से पात्र वंचित परिवारों तक अभियान की जानकारी पहुंचाते हुए अधिकाधिक आवेदन प्राप्त करें तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से लक्ष्य की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा की लक्ष्य के अनुरूप कोई भी पात्र परिवार खाद्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी संबंधित पदाधिकारी समन्वय एवं मिशन मोड में कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूर्ण करें।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ट्रेंडिंग न्यूज़

error: Content is protected !!