मधुबनी की सभी पंचायतों में मनाया गया पंचायत विकास दिवस, महिला हितैषी ग्राम पंचायत पर रहा विशेष जोर::- प्रभारी मंत्री लेशी सिंह

0
“प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने झंझारपुर के महीनाथपुर पंचायत में लिया भाग, विकास योजनाओं की समीक्षा एवं जनभागीदारी पर दिया बल”
 फोटो संख्या 3 कार्यक्रम को संबोधित करते मंत्री,
 कार्यक्रम में उपस्थित महिलाएं,
मधुबनी।
बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले “पंचायत विकास दिवस” के तहत रविवार को मधुबनी जिले की सभी ग्राम पंचायतों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। झंझारपुर प्रखंड की महीनाथपुर पंचायत में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिले की प्रभारी मंत्री सह भवन निर्माण विभाग की मंत्री लेशी सिंह शामिल हुईं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्राम सभा सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों, जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। जिले के सभी वरीय अधिकारियों ने भी विभिन्न पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की।प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की आधारशिला हैं और गांवों के विकास से ही राज्य एवं देश का समग्र विकास संभव है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह पंचायत विकास दिवस आयोजित करने का उद्देश्य पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा, जनभागीदारी को बढ़ावा देना तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।उन्होंने कहा कि बिहार पंचायत राज अधिनियम, 2006 के तहत पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाया गया है। वार्ड स्तरीय निगरानी समितियों एवं स्थायी समितियों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सामाजिक न्याय एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की प्रभावी निगरानी की जा रही है। इस बार की थीम “महिला हितैषी ग्राम पंचायत” रही। मंत्री ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण से ही परिवार, समाज और पंचायत मजबूत होंगे। स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने, महिला उद्यमिता, कौशल विकास, स्वास्थ्य सेवाओं तथा निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।उन्होंने बताया कि पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (PAI) एवं ई-ग्राम स्वराज जैसे डिजिटल माध्यम पंचायतों में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को मजबूत कर रहे हैं। मधुबनी जिले में जल संरक्षण, स्वच्छता, मखाना एवं मत्स्य आधारित आजीविका, डिजिटल पंचायत और महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की गई तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नई योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श हुआ। स्थानीयकृत सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूपपंचायतों के समग्र विकास की कार्ययोजना भी तैयार की गई। उत्कृष्ट पंचायतों के विकास कार्यों का वीडियो प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” का सामूहिक प्रसारण भी किया गया, जिसे ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सुना।पंचायत विकास दिवस के दौरान स्थानीयकृत सतत विकास के नौ प्रमुख लक्ष्यों—गरीबी मुक्त एवं आजीविका उन्नत पंचायत, स्वस्थ पंचायत, बाल हितैषी पंचायत, जल पर्याप्त पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा युक्त पंचायत, सामाजिक न्याय एवं सामाजिक सुरक्षा युक्त पंचायत, सुशासन युक्त पंचायत तथा महिला हितैषी पंचायत—पर विशेष चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की नुक्कड़ नाटक टीम ने गीत-संगीत के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश देते हुए लोगों को जागरूक किया।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ट्रेंडिंग न्यूज़

error: Content is protected !!