कृषि विज्ञान केंद्र चानपुरा बसैठ में 35 प्रशिक्षुओं को मिला प्रमाण पत्र
पोषक तत्व प्रबंधन पर 15 दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, फरवरी 2027 में होगा अंतरराष्ट्रीय एग्री एक्सपो सम्मेलन
उद्घाटन करते
बेनीपट्टी।
एसके चौधरी शिक्षा न्यास द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र चानपुरा बसैठ के सभागार में गुरुवार को पोषक तत्व प्रबंधन विषय पर आयोजित 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन प्रमाण पत्र वितरण समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन न्यास के अध्यक्ष सह शिक्षाविद डॉ. संत कुमार चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर 35 उर्वरक प्रशिक्षुओं के बीच प्रमाण पत्र वितरित किए गए।समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. संत कुमार चौधरी ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में कृषि का महत्वपूर्ण योगदान है। कृषि के विकास से किसानों की खुशहाली के साथ देश की जीडीपी में भी वृद्धि होगी। मधुबनी जिले में कृषि के विकास, आधुनिक तकनीक के प्रसार तथा बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि क्षेत्र पर विशेष जोर दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी के बीच खाद्य सुरक्षा के साथ पोषक सुरक्षा भी जरूरी है। गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादन के लिए संतुलित रासायनिक उर्वरकों के उपयोग के साथ मिट्टी का बेहतर प्रबंधन तथा पर्याप्त कंपोस्ट का प्रयोग आवश्यक है। इससे टिकाऊ खेती को बढ़ावा मिलेगा और लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर होगा।डॉ. चौधरी ने घोषणा की कि एसके चौधरी शिक्षा न्यास की ओर से बिहार एवं जयपुर (राजस्थान) में शंकरा ग्लोबल यूनिवर्सिटी की स्थापना जल्द की जाएगी। उन्होंने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र चानपुरा के परिसर में आगामी 13, 14 एवं 15 फरवरी 2027 को तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कृषि, स्वास्थ्य एवं शिक्षा मेगा एग्री एक्सपो सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में करीब 40 देशों के वैज्ञानिक, कृषि सलाहकार, प्रतिनिधि एवं अन्य विशेषज्ञ भाग लेंगे। आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गई है।कार्यक्रम में वरीय कृषि वैज्ञानिक मंगलानंद झा, कृषि वैज्ञानिक प्रमोद कुमार झा, राकेश सिंह यादव, अरविंद कुमार, आदित्य कुमार, पैक्स अध्यक्ष सह जन सुराज नेता मो. परवेज आलम, प्रभारी प्राचार्य डॉ. देवेंद्र कुशवाहा, प्रो. हरिश कुमार,प्रो. विकास ठाकुर, प्रो. रामदयाल महतो, डॉ. कंचन मिश्र, प्रो. पूजा कुमारी, ईश्वरनाथ झा, परमानंद चौधरी, चंदेश्वर साह एवं वरिष्ठ पत्रकार विद्याधर झा सहित अन्य लोगों ने विचार व्यक्त किए।अंत में न्यास के न्यासी सह बेनीपट्टी प्रखंड उपप्रमुख अशोक कुमार चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। आगंतुक अतिथियों को वरीय कृषि वैज्ञानिक मंगलानंद झा ने मिथिला की पारंपरिक रीति के अनुसार पाग एवं दोपटा देकर सम्मानित किया।
