सौराठ महोत्सव-2026 का भव्य मिथिला की लोक-संस्कृति का हुआ शानदार आगाज़
कार्यक्रम का उद्घाटन करते एमएलसी
मधुबनी,
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में ऐतिहासिक सौराठ सभा गाछी, रहिका में आयोजित दो दिवसीय सौराठ महोत्सव-2026 के संध्याकालीन मुख्य सत्र का आज भव्य एवं विधिवत उद्घाटन किया गया।महोत्सव का उद्घाटन बिहार विधान परिषद के माननीय सदस्य श्री घनश्याम ठाकुर, नगर निगम उप महापौर मो. अमानुल्ला खान, अपर समाहर्ता श्री मुकेश रंजन, सदर अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार झा, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी नीतीश कुमार, बीस सूत्रीय सदस्य श्रीमती सोनी कुमारी, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सतीश मिश्रा, प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कृष्ण कांत झा, प्रबंधन समिति के सदस्य श्री शेखर चंद्र मिश्रा, प्रखंड विकास पदाधिकारी (रहिका) श्री आशुतोष कुमार एवं अंचल अधिकारी (रहिका) श्री रोहित कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।उद्घाटन समारोह की शुरुआत मिथिला की गौरवशाली ‘अतिथि देवो भव:’ की परंपरा के अनुसार हुई। आयोजन समिति और जिला प्रशासन के पदाधिकारियों द्वारा मंचासीन सभी माननीय अतिथियों का मिथिला के पारंपरिक पाग, दुपट्टा और स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए बिहार विधान परिषद के माननीय सदस्य घनश्याम ठाकुर ने कहा कि सौराठ सभा गाछी केवल एक स्थान नहीं, बल्कि मिथिला की सदियों पुरानी सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। इस तरह के राजकीय महोत्सवों से मिथिला की समृद्ध लोक कला और परंपराओं को वैश्विक पटल पर नई पहचान मिल रही है।नगर निगम उप महापौर मो. अमानुल्ला खान ने अपने उद्बोधन में कहा कि मिथिला की संस्कृति आपसी भाईचारे, सद्भाव और समृद्ध परंपराओं की मिसाल है। ऐसे आयोजनों से समाज में सांस्कृतिक एकता और समरसता को बढ़ावा मिलता है।पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सतीश मिश्रा ने कहा कि सौराठ सभा की ऐतिहासिक परंपरा विश्व प्रसिद्ध रही है। इसके गौरव को पुनः स्थापित करने और आने वाली पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़े रखने में इस महोत्सव की भूमिका अत्यंत सराहनीय है।अपर समाहर्ता मुकेश रंजन ने जिला प्रशासन की ओर से सभी अतिथियों एवं जिलेवासियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन कला, संस्कृति एवं स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जिलेवासियों से महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री कृष्ण कांत झा ने सभी आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रशासन और स्थानीय समाज के सामूहिक प्रयास से सौराठ महोत्सव निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इसके अतिरिक्त, समारोह में उपस्थित अन्य सभी वक्ताओं ने भी अपने-अपने विचार रखे और महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।उद्घाटन एवं उद्बोधन सत्र के पश्चात संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई, जिसमें मिथिला के नामचीन लोक गायकों, नर्तकों और संगीतकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, साहित्यकार, कला प्रेमी और जिलेवासी उपस्थित रहे।
