तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को शीघ्र गति देने हेतु पथ निर्माण मंत्री से मिले::- विधायक माधव आनंद

0
मंत्री से मिलते विधायक
मधुबनी, 
मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के विकास एवं आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मधुबनी विधायक एवं राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता विधायक दल श्री माधव आनंद ने पटना में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को शीघ्र गति देने की मांग की।बैठक में निधि चौक से रेलवे स्टेशन तक सड़क चौड़ीकरण, हनुमान मंदिर से रेलवे गुमटी संख्या-13 तक सड़क निर्माण तथा कोतवाली चौक से एनएच-57 (पेठघाट) तक प्रस्तावित सड़क निर्माण परियोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने मंत्री को बताया कि ये तीनों परियोजनाएं मधुबनी नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों के दैनिक आवागमन, व्यापारिक गतिविधियों, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं से सीधे जुड़ी हुई हैं।उन्होंने विशेष रूप से कोतवाली चौक से एनएच-57 (पेठघाट) तक प्रस्तावित सड़क को क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग बताते हुए कहा कि इसके निर्माण से यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच संपर्क और अधिक सुगम बनेगा।श्री आनंद ने कहा कि इन परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए वे लगातार विभागीय स्तर पर प्रयासरत हैं तथा संबंधित अधिकारियों के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने मंत्री से जनहित एवं क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया।पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।बैठक के बाद विधायक माधव आनंद ने कहा कि मधुबनी की जनता ने विकास और जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने की जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसके प्रति वे पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के संबंध में शीघ्र ही सकारात्मक प्रगति देखने को मिलेगी।उन्होंने कहा, “मधुबनी के विकास से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को मैं पूरी मजबूती के साथ उठा रहा हूं। जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए मेरा प्रयास निरंतर जारी रहेगा।”

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!