आपसी प्रेम, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं मोहर्रम : एसडीओ
बिस्फी
प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय नरसाम हाट परिसर में आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर विभिन्न अखाड़ा समितियों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सारंग पाणि पांडेय ने की।
बैठक में उपस्थित अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस वर्ष मोहर्रम पर्व दो दिवसीय होगा। 25 जून को विभिन्न अखाड़ों द्वारा क्षेत्र में झांकियों के साथ जुलूस निकाला जाएगा, जबकि 26 जून को नरसाम रण में ताजिया रखकर पारंपरिक खेल एवं करतबों का प्रदर्शन किया जाएगा।एसडीएम सारंग पाणि पांडेय ने कहा कि मोहर्रम सहित सभी पर्व-त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं। उन्होंने सभी लोगों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस निकालने और मोहर्रम आयोजन के लिए सभी अखाड़ा समितियों को लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। साथ ही प्रशासन द्वारा निर्धारित समय और रूट चार्ट के अनुसार ही जुलूस निकाला जाएगा।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा गश्ती दल लगातार क्षेत्र में भ्रमण करेगा। अखाड़ा समितियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर ही मेला, खेल एवं करतबों का आयोजन करें।डीएसपी अमित कुमार ने कहा कि मोहर्रम जुलूस में डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी प्रकार के विवादित, भड़काऊ या आपत्तिजनक नारे एवं झांकियों की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीम सादे लिवास में भी मौजूद रहेगी तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी।उन्होंने बताया कि जुलूस की वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने, हुड़दंग करने अथवा विधि-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।बैठक में सर्किल इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार, बीडीओ बसंत कुमार सिंह, थानाध्यक्ष अनुराग कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अखाड़ा समितियों के सदस्य उपस्थित थे।
