“सरकार आपके द्वार” की अवधारणा को साकार कर रहा सहयोग शिविर ::- प्रभारी मंत्री लेशी सिंह

0
“काको पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, मंत्री ने सुनी समस्याएं”
“जनसमस्याओं के त्वरित समाधान हेतु प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता से कार्यरत :-: लेशी सिंह
 शिविर  में समस्या सुनती मंत्री
मधुबनी
 जिले के झंझारपुर प्रखंड अंतर्गत काको पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में बिहार सरकार की माननीय भवन निर्माण विभाग सह मधुबनी जिला प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने आमजनों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यकताओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं की सहभागिता देखने को मिली। लोगों ने भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों को मंत्री के समक्ष रखा। माननीय मंत्री ने प्रत्येक आवेदन एवं शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।अपने संबोधन में माननीय मंत्री श्रीमती लेशी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु गांव-गांव तक प्रशासनिक पहुंच सुनिश्चित कर रही है। सहयोग शिविर केवल योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सहयोग शिविर इसी जनोन्मुखी सोच का परिणाम है, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित होकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। मंत्री ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन में पूरी पारदर्शिता एवं तत्परता बरती जाए तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए।इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!