विद्यालय में वार्षिकोत्सव सह अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी का आयोजन, मेधावी छात्र हुए सम्मानित
कार्यक्रम को उद्घाटन करते
खजौली
प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेता ककरघट्टी परिसर में सोमवार को बिहार सरकार के निर्देशानुसार वार्षिकोत्सव समारोह सह अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी एवं वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मंच संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक सतीश कुमार ने किया।कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख कुमारी उषा, बीडीओ लवली कुमारी, प्रभारी बीईओ मधुकांत प्रसाद, सरपंच रामानंद ठाकुर, संकुल समन्वयक उपेंद्र प्रसाद सिंह एवं समाजसेवी सुरेंद्र झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों को विद्यालय परिवार की ओर से पाग एवं दोपट्टा देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा परियोजना कार्य, विज्ञान, गणित,स्वास्थ्य एवं स्वच्छता,कला-संगीत तथा खेलकूद से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए, जहां बच्चों ने अभिभावकों एवं अतिथियों को विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं वार्षिक परीक्षा 2026 में कक्षा 1 से 8 तक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं तथा मैट्रिक परीक्षा में 400 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने जल-जीवन-हरियाली एवं सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव पर नृत्य एवं नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर जागरूकता का संदेश दिया। दरभंगा डांस एकेडमी से आए कलाकारों ने झिझिया, छठ पर्व एवं जरजटीन लोकगीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।बीडीओ लवली कुमारी ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ कला और संस्कृति में भागीदारी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। वहीं प्रखंड प्रमुख कुमारी उषा ने छात्रों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए सोशल मीडिया से सावधान रहने का संदेश दिया। प्रभारी बीईओ मधुकांत प्रसाद ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।इस मौके पर शिक्षक मो. कलामुद्दीन, रंजित यादव, मो. हमफूज, मो. तनवीर, संतोष कुमार, अर्जुन दास, शिक्षिका सुनीता कुमारी, दुर्गी देवी, कामना ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
