झंझारपुर में अतिरिक्त सखी वन स्टॉप सेंटर का शुभारंभ, महिलाओं को मिलेगा त्वरित सहयोग

0
द्घाटन करते अतिथि
 मधुबनी 
 जिले के झंझारपुर में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत अतिरिक्त सखी वन स्टॉप सेंटर का उद्घाटन किया गया। बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग के माननीय मंत्री मदन सहनी ने पटना से डिजिटल माध्यम के जरिए राज्य के विभिन्न जिलों में स्थापित 11 सखी वन स्टॉप सेंटर का औपचारिक उद्घाटन किया, जिसमें झंझारपुर केंद्र भी शामिल है।उद्घाटन कार्यक्रम के अंतर्गत झंझारपुर में स्थानीय स्तर पर सीडीपीओ  सुबोध कुमार सिन्हा एवं डीपीएम  (महिला एवं बाल विकास निगम) हेमंत कुमार मंडल द्वारा रिबन काटकर केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों एवं स्थानीय लोगों ने इस महत्वपूर्ण पहल का स्वागत करते हुए इसे महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए एक उपयोगी कदम बताया।सखी वन स्टॉप सेंटर का उद्देश्य संकटग्रस्त एवं जरूरतमंद महिलाओं को एक ही स्थान पर समेकित सहायता उपलब्ध कराना है। इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा, मनोवैज्ञानिक परामर्श, कानूनी सहायता, चिकित्सकीय सहयोग तथा अन्य आवश्यक सेवाएं प्रदान की जाएंगी, जिससे उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।अधिकारियों ने बताया कि इस केंद्र के संचालन से झंझारपुर एवं आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं को त्वरित सहायता और मार्गदर्शन प्राप्त होगा। साथ ही, उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ भी आसानी से उपलब्ध कराया जा सकेगा। यह केंद्र महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।कार्यक्रम के दौरान सखी वन स्टॉप सेंटर, मधुबनी की केंद्र प्रशासक सुषमा कुमारी, झंझारपुर की केंद्र प्रशासक शायना मिर्ज़ा, काउंसलर दीपशिखा सिंह, केस वर्कर गायत्री कुमारी एवं मनीषा कुमारी, पैरामेडिकल नीरजा शंकर, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर आलोक चौधरी सहित झंझारपुर क्षेत्र की आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित रहीं।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने आशा व्यक्त की कि यह केंद्र महिलाओं को सुरक्षा और न्याय दिलाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ट्रेंडिंग न्यूज़

error: Content is protected !!