बलिराजगढ़ की घटना पर प्रशासन सख्त, फरार एएसआइ की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीम गठित
“एएसआइ के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले को मिलेगा ₹25 हजार का इनाम”
“जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने धरना स्थल पहुंचकर पीड़ित परिजनों से की मुलाकात, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा”
मामले का स्पीडी ट्रायल कर दोषी को दिलाई जाएगी कड़ी से कड़ी सजा ::-डीएम
मधुबनी
बाबूबरही प्रखंड के बलिराजगढ़ में घटित घटना को जिला प्रशासन ने अत्यंत दुखद एवं गंभीर बताया है। जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार एवं उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना एवं सहानुभूति प्रकट की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा दोषी के प्रति नरमी नहीं बरती जाएगी तथा कानून के अनुरूप कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चितकी जाएगी।इस क्रम में मंगलवार को जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक खोजपुर चौराहा स्थित धरना स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने धरनारत लोगों एवं स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी बातें सुनीं तथा घटना को लेकर उनकी भावनाओं और चिंताओं को समझा। इस दौरान घटना से अत्यंत मर्माहत एक वृद्ध महिला भावुक होकर जिलाधिकारी को पकडकर बिलखने लगीं। जिलाधिकारी ने उन्हें ढांढस बंधाया तथा भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के साथ न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रहा है।
मामले में त्वरित कार्रवाई, एएसआइ निलंबित

घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने सदर अस्पताल जाकर पीडित एवं उनके परिजनों से भेंट की तथा बेहतर इलाज की व्यवस्था की। तत्पश्चात मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एएसआइ
को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। आरोपी के विरुद्ध बाबूबरही थाना में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार एएसआइ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है। गठित टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके।फरार आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को ₹25,000 (पच्चीस हजार रुपये) का पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पूरी तरह से सक्रिय एवं तत्पर है और मामले में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी।
स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दिलाई जाएगी कड़ी सजा

जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मामले की विधिसम्मत एवं प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाएगी। स्पीडी ट्रायल के माध्यम से न्यायिक प्रक्रिया मे तेजी लाया जायेगा ताकि आरोपी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिल सके। घटना की गंभीरता को देखते हुए न्याय सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में भी जिला पदाधिकारी द्वारा संवेदनशील पहल की गई है। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत पीड़ित परिवार को ₹20,000 की सहायता राशि प्रदान की गई है। साथ ही, कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत निर्धारित सहायता राशि अविलंब उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया गया है। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार सभी देय सरकारी सहायता एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि इस कठिन समय में परिवार को आवश्यक आर्थिक संबल मिल सके।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने आम नागरिकों से अपील की
इस अवसर पर जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों एवं भड़काऊ संदेशों से बचें। उन्होंने सभी लोगों से शांति, सामाजिक सद्भाव एवं आपसी भाईचारा बनाये रखने तथा विधि-व्यवस्था संधारण में जिला प्रशासन एवं पुलिस को अपेक्षित सहयोग प्रदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता मामले में कठोर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मधुबनी में एएसआइ की गोलीबारी से एक व्यक्ति की मौत, तीन घायल
बलिराजगढ़ गांव में आधी रात हुई घटना; सर्विस पिस्टल से चार राउंड फायरिंग का आरोप, पुलिस पदाधिकारी निलंबित
जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिराजगढ़ गांव में सोमवार की देर रात एक पुलिसकर्मी द्वारा अपने सरकारी सर्विस पिस्टल से गोली चलाने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान अशोक यादव (करीब 50 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार द्वारा जारी अद्यतन जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर की रात करीब एक बजे बलिराजगढ़ गांव स्थित पुलिस पिकेट में प्रतिनियुक्त एक सहायक अवर निरीक्षक गांव की एक महिला के घर में मौजूद था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उसे घर के अंदर पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया और घेर लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वहां से निकलने और भागने के प्रयास के दौरान एएसआइ ने अपने सरकारी सर्विस पिस्टल से चार राउंड फायरिंग की। इसमें चार लोग गोली लगने से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही बाबूबरही थानाध्यक्ष ने गश्ती वाहन से सभी घायलोंको तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी पहुंचाया। इलाज के दौरान अशोक यादव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायलों का उपचार जारी है।घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार तथा सदर-01 एवं सदर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक एवं घायलों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इसके बाद सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों से भी पूछताछ की तथाउनके बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए।एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना में संलिप्त एएसआइ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, संबंधित पुलिस पदाधिकारी की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-02 के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की जा रही है। आरोपी पुलिस पदाधिकारी के विरुद्ध हत्या से संबंधित प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई भी की जा रही है।पुलिस प्रशासन के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और विधि-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। मधुबनी पुलिस ने घटना को संवेदनशील बताते हुए दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है।
महिला के घर ग्रामीणों ने एएसआई को पकड़ा, विवाद के बाद चार राउंड फायरिंग; एक की मौत, तीन गंभीर घायल
जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ इलाके खोजपुर में मंगलवार को उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब पुलिस अवर निरीक्षक चंदमोहन सिंह पर चार राउंड गोली चलाने का आरोप लगा। गोलीबारी में अशोक यादव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। ग्रामीण आरोपी पुलिसकर्मी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाबूबरही थाने में पदस्थापित एएसआई चंदमोहन सिंह का इलाके की एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जाता है कि बीती रात एएसआई महिला के घर पहुंचा था, जहां ग्रामीणों ने उसे कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान ग्रामीणों से घिरने पर एएस आई अपनी सरकारी सर्विस रिवॉल्वर से चार राउंड फायरिंग कर दी।
अचानक हुई गोलीबारी में अशोक यादव समेत चार ग्रामीण गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान अशोक यादव की मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य घायलों का इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी एएस आई की तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।घटना की सूचना मिलते ही मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी ने बताया कि आरोपी एएस आई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।फिलहाल घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में जुटा है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
