सावन के अंतिम सोमवार पर डीएम-एसएसपी ने देर रात भैरवा स्थान मंदिर पहुंचकर लिया सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का जायजा
भैरवा उगना महादेव स्थान में पूजा अर्चना करते डीएम, एसएसपी
मधुबनी
सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिले में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने देर रात भैरवा स्थान मंदिर का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने बलहा घाट से भैरवा स्थान मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं के आवागमन, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था का नजदीक से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की भी जानकारी ली तथा यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया कि मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से संचालित होनी चाहिए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जाए।
जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कंट्रोल रूम के माध्यम से की जा रही निगरानी एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। उपस्थित अधिकारियों को सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देते हुए पूरी तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा गया।निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं को लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को स्थिति पर निरंतर नजर रखने तथा किसी भी आवश्यकता की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।इस अवसर पर जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने भैरवा स्थान मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना भी की तथा जिलेवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, बेनीपट्टी सारंग पाणि पाण्डेय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
