October 18, 2026

तिरंगे के नीचे सम्मान, विकास और जनकल्याण का संदेशमधुबनी में भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह

0
“प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने किया ध्वजारोहण, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी एवं कर्मी हुए सम्मानित”
“डीएम आनंद शर्मा ने गिनाईं जिले की विकास उपलब्धियां, भूमिहीन परिवारों को मिला वास पर्चा”
 ध्वज को सलामी देते मंत्री,डीएम, एसएसपी 
 मधुबनी
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, मधुबनी द्वारा पुलिस केंद्र, मधुबनी में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। जिले की प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पूर्व उन्होंने सम्मान गार्ड का निरीक्षण किया। ध्वजारोहण के पश्चात वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं देश के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को नमन किया तथा जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विकास, सुशासन एवं जनकल्याण के लिए प्रशासन और आमजन की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर उन्होंने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आवास, सामाजिक सुरक्षा, परिवहन एवं अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों एवं उपलब्धियों एवं सरकार के द्वारा इन क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकासोन्मुखी एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाना है।
मौके पर उन्होंने बताया कि जिले के सभी 21 प्रखंडों में आदर्श विद्यालय स्थापित किए गए हैं तथा दूर-दराज के क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ाने के लिए नए राजकीय डिग्री कॉलेज खोले गए हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में बाल हृदय योजना के तहत बच्चों का निःशुल्क उपचार, स्वास्थ्य उपकेंद्रों का सुदृढ़ीकरण तथा आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कृषि क्षेत्र में किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ तथा बीज एवं कृषि इनपुट पर अनुदान दिए जाने की भी जानकारी दी। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जीविका, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को लाभान्वित किया जा रहा है। मिथिला हाट एवं मिथिला चित्रकला संस्थान को जिले की सांस्कृतिक पहचान एवं स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इनमें पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार, सार्जेंट राहुल कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक बिहारी आलम, आलोक कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे। जीएसटी विभाग के झंझारपुर एवं मधुबनी सर्किल के यनित प्रतिष्ठानों को भी सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य के लिए अंजू कुमारी, सुमन कुमार एवं सचिन कुमार को सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान भूमिहीन परिवारों को वास पर्चा भी प्रदान किया गया। इस पहल के माध्यम से पात्र भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाया गया।
अंत में प्रभारी मंत्री द्वारा परेड विसर्जन की अनुमति प्रदान की गई, जिसके साथ ही परेड का विधिवत समापन हुआ। मौके पर  वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार, नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती, अपर समाहर्ता संतोष कुमार सहित जिले के सभी पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ट्रेंडिंग न्यूज़

error: Content is protected !!