August 12, 2026

रौशन यादव की मौत मामले में पीड़ित परिवार से मिला कांग्रेस-राजद का शिष्टमंडल, उच्चस्तरीय जांच की मांग

0
“पीड़ित परिजनों से मुलाकात के बाद राजद कांग्रेस नेताओं ने हर संभव संघर्ष का दिया आश्वासन”
जानकारी देते कांग्रेस और राजद नेता 
 मधुबनी
राजनगर स्थित मंडल कारा में बंद बेनीपट्टी प्रखंड के परकौली पंचायत अंतर्गत रनक टोल निवासी युवक रौशन यादव की मौत के मामले में कांग्रेस-राजद के एक शिष्टमंडल ने बुधवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा परिजनों को ढांढस बंधाया। शिष्टमंडल ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि विष्णुदेव सिंह यादव, पूर्व राजद प्रत्याशी ब्रजकिशोर यादव एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष नलिनी रंजन झा के नेतृत्व में पहुंचे शिष्टमंडल ने परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली एवं मृतक के परिवार को आर्थिक सहयोग भी किया गया। 
इस दौरान राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि विष्णुदेव सिंह यादव ने कहा कि परिजनों से बातचीत में घटना को लेकर कई गंभीर सवाल सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविकता से इतर मामले को दबाने अथवा लीपापोती करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा पोस्टमार्टम के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की मेडिकल टीम गठित की जाए, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का निष्पक्ष रूप से पता चल सके।
      पूर्व राजद प्रत्याशी ब्रजकिशोर यादव ने कहा कि गरीब किसान परिवार के युवक की जेल में हुई मौत अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। घटना के परिस्थितिजन्य तथ्यों से कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को चिन्हित किया जाए तथा यदि जांच में जेल प्रशासन की संलिप्तता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
   कांग्रेस जिलाध्यक्ष नलिनी रंजन झा ने कहा कि रौशन यादव की मौत ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। वर्तमान सरकार में गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रौशन यादव के परिवार को न्याय मिलने तक कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
       इस दौरान गंगा चौधरी ,राम बिलास यादव ,सुरेंद्र चौधरी एवं सीता शरण यादव एवं दीपक भी उपस्थित रहें।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!