August 19, 2026

रौशन यादव के परिवार के साथ खड़े हुए पप्पू यादव, दी एक लाख की मदद; दोनों बहनों की पढ़ाई-शादी का लिया जिम्मा

0
पीड़ित परिवार से मिलकर एक लाख रूपये  देते सांसद पप्पू यादव
मधुबनी
 मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड अंतर्गत परकौली पंचायत के राणा टोला गांव निवासी रोशन यादव की मौत के बाद पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। परिजनों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने को देखते हुए सांसद ने परिवार को एक लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दी। उन्होंने कहा कि यह केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में परिवार के साथ खड़े होने की जिम्मेदारी है। सांसद ने रोशन की दोनों बहनों की पढ़ाई का खर्च स्वयं उठाने और उनकी शादी की जिम्मेदारी भी लेने की बात कही। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि जब तक रोशन को न्याय नहीं मिल जाता, वे परिवार को अकेला नहीं छोड़ेंगे और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएंगे।पप्पू यादव ने रोशन की मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि रोशन को कथित तौर पर कई दिनों तक हिरासत में रखे जाने के बाद कुछ घंटों के लिए छोड़ा गया था। इसके बाद वह अपने ननिहाल पहुंचा, जहां उसने परिजनों को अपने साथ हुई कथित यातनाओं के बारे में बताया था। सांसद के अनुसार, रोशन ने बिजली का करंट लगाए जाने, रिवॉल्वर के साथ फोटो खींचे जाने और मारपीट सहित अन्य यातनाओं की बात परिजनों को बताई थी। उन्होंने कहा कि रोशन का पहले कोई आपराधिक इतिहास नहीं था और वह गरीब परिवार से ताल्लुक रखता था। सांसद ने दावा किया कि उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान तथा दोनों हाथों पर करंट लगाए जाने के निशान दिखाई दिए थे। इन आरोपों की निष्पक्ष जांच से ही वास्तविकता सामने आ सकती है।
सांसद ने मामले में मेडिकल बोर्ड गठित करने और हाईकोर्ट की निगरानी में जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी व्यक्ति की साजिश या मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ हत्या सहित उचित धाराओं में कार्रवाई की जाए। उन्होंने जांच के दौरान थाना परिसर के सीसीटीभी फुटेज, संबंधित लोगों के मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की, ताकि घटना के समय और उससे पहले संबंधित लोगों की गतिविधियों तथा आपसी संपर्क की स्थिति स्पष्ट हो सके। सांसद ने रोशन को कथित तौर पर कुछ लोगों के यहां जबरन काम करने के लिए बुलाए जाने तथा थाने में उसकी बहन के साथ कथित तौर पर की गई गंभीर बातचीत का भी उल्लेख किया और पूरे मामले में साजिश की आशंका जताई।पप्पू यादव ने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को कम से कम 50 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि परिवार पहले से ही आर्थिक कठिनाइयों से गुजर रहा है और रोशन की मौत के बाद उसकी परेशानियां और बढ़ गई हैं। सांसद ने कहा कि उन्होंने परिवार की बेटियों की पढ़ाई और शादी की जिम्मेदारी लेने का निर्णय किया है, ताकि परिवार पर आर्थिक बोझ न पड़े। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि परिवार पर किसी प्रकार का समझौता करने का दबाव बनाया गया तो वह मजबूती से उनके साथ खड़े रहेंगे और जरूरत पड़ने पर आर्थिक सहायता भी बढ़ाएंगे।
सांसद ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो वह हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार का राजनीतिक दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा और रोशन को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। पप्पू यादव ने कहा कि रोशन की मौत के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में राजनीति नहीं, बल्कि गरीब परिवार को न्याय दिलाना प्राथमिकता है। सांसद ने भरोसा दिलाया कि जब तक परिवार को न्याय नहीं मिलता, वे उसके साथ खड़े रहेंगे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ट्रेंडिंग न्यूज़

error: Content is protected !!