साहित्यिकी युवा सम्मान’ से सम्मानित हुईं सुश्री प्रियंका मिश्र
सम्मानित होते प्रियंका
,मधुबनी
मधुबनी जिले के सरिसब पाही स्थित मैथिली की लब्धप्रतिष्ठित संस्था ‘साहित्यिकी’ का वार्षिकोत्सव मनाया गया । इस अवसर पर अंधराठाढ़ी प्रखंड के रुद्रपुर गाँव निवासी सुश्री प्रियंका मिश्र को उनकी उल्लेखनीय साहित्यिक प्रतिभा एवं समर्पण के लिए ‘साहित्यिकी युवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया । सम्मान प्राप्ति के उपरांत अपने संबोधन में सुश्री प्रियंका मिश्र ने इस सम्मान के लिए सभी उपस्थित अतिथियों एवं ‘साहित्यिकी’ संस्था के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साहित्य केवल सृजन से ही नहीं चलता, अपितु उसे जीवंत बनाए रखने के लिए समय-समय पर साहित्य सृजन के साथ-साथ उसके संरक्षण की दिशा में भी कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने साहित्यिक परंपराओं के संवर्द्धन एवं संरक्षण की सामूहिक जिम्मेदारी पर बल दिया। आगे उन्होंने माननीय विधायक जी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि मैथिली अकादमी की दयनीय स्थिति पर संज्ञान लिया जाए तथा उसे पुनः सुचारू रूप से संचालित करने हेतु आवश्यक पहल की जाए। कार्यक्रम में डॉ. अभिलाषा को ‘साहित्यिकी’ सम्मान से सम्मानित करने के साथ मैथिली साहित्य की शिखर लेखिका लिली रे की पुस्तक ‘रंगीन पर्दा’ का द्वितीय संस्करण एवं ‘जयतु जगदीश’ का विमोचन किया गया।
इस अवसर पर डॉ. अजीत मिश्र द्वारा लिखित तथा डॉ. अनुराग मिश्र द्वारा लेखिका-आधारित अभिनंदन पत्र का भी पाठ किया गया ।मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक विनोद नारायण झा के साथ डॉ. रमानन्द झा ‘रमन’, डॉ. दमन कुमार झा, संस्था के संरक्षक संरक्षक डॉ. जगदीश मिश्र, अध्यक्ष डॉ. विद्यानंद झा, सचिव श्री उदय कुमार झा, प्रबंध न्यासी डॉ. अजीत मिश्र, न्यासी श्री रतिनाथ झा, श्री ऋषिनाथ झा, डॉ. अनुराग मिश्र सहित अनेको गणमान्य व्यक्तित्वों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
