पूजा स्थलों पर वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मां दुर्गा की पूजा शुरू
उद्घतन करते
खजौली
शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पूजा स्थलों पर वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मां दुर्गा की पूजा शुरू हुई। इस दौरान खजौली गांव, मंगती चौक, दतूआर, मरुकीय, मकुनमा, महाराजपुर, ठाहर, रसीदपुर हनुमान चौक एवं फुलचानियां पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर कलश स्थापना की गई। सुबह से ही पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ और जय माता दी के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
खजौली गांव स्थित ब्रह्मस्थान परिसर में आयोजित वैष्णवी दुर्गा पूजा को लेकर 551 कन्याओं ने भव्य कलश शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा को प्रखंड प्रमुख कुमारी उषा, जिला पार्षद जितेंद्र कुमार भारती, मुखिया अमरेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना, विजय भारती, ललित महतो सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर रवाना किया। पूजा पंडाल से निकली शोभायात्रा में शामिल कन्याएं जय मां दुर्गे के जयकारे लगाते हुए कमला नदी पहुंचीं। वहां से कलश में पवित्र जल भरकर वापस पूजा स्थल पहुंचीं। इसके बाद पंडित बीरेंद्र ठाकुर उर्फ पंकज के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पुजारी सत्यनारायण महतो ने कलश स्थापना कर मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा-अर्चना शुरू की। पूजा समिति के अध्यक्ष ललित महतो ने बताया कि यहां पिछले 11 वर्षों से विधि-विधान के साथ वैष्णवी दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। रसीदपुर और फुलचानियां में भी 551 कन्याओं की शोभायात्रा
रसीदपुर हनुमान चौक स्थित पूजा स्थल पर भी 551 कन्याओं ने कलश शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा को राजनगर विधायक सुजीत पासवान, जिला पार्षद जितेंद्र कुमार भारती एवं पंडित प्रबोध झा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर रवाना किया। समिति अध्यक्ष रामस्वरूप पासवान ने बताया कि यहां पिछले पांच वर्षों से धूमधाम के साथ शारदीय नवरात्र का आयोजन किया जा रहा है। इसी तरह फुलचानियां चौक स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में भी 551 कन्याओं ने कलश शोभायात्रा निकाली। जिला पार्षद जितेंद्र कुमार भारती, सरपंच रामानंद ठाकुर, पूर्व मुखिया चंद्रमोहन राय उर्फ बिजली, रामप्रीत राय उर्फ मुंशी जी, मत्स्य जीवी प्रखंड मंत्री फिरण मुखिया सहित अन्य ने शोभायात्रा को रवाना किया। समिति अध्यक्ष प्रदीप राम रमण जी ने बताया कि यहां पिछले पांच वर्षों से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ नवरात्र पूजा का आयोजन किया जा रहा है। नवरात्र के दौरान वृंदावन से पहुंचे आकाश कृष्ण जी महाराज के द्वारा प्रतिदिन शाम चार बजे से भागवत कथा का आयोजन भी किया जा रहा है। इस मौके पर राम नारायण चौधरी, रंजीत चौधरी, रविन्द्र कुमार सिंह, विजय भगत, भरत यादव, ललन राय, शोभा साहू, आशु झा, रंजीत पासवान,नथुनी साह, पवन झा, मिहिर झा, अनिल राय, उमेश मास्टर सहित अन्य मौजूद थे।
