मासिक अपराध गोष्ठी में लंबित कांडों के निष्पादन और अपराध नियंत्रण पर जोर
गंभीर मामलों के त्वरित अनुसंधान व अपराधियों की गिरफ्तारी का निर्देश, बेहतर अनुसंधान करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को मिला प्रशस्ति पत्र
एसएसपी, एसपी बैठक करते
मधुबनी
पुलिस कार्यालय, मधुबनी में वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शिवम धाकड़ की संयुक्त अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्षों सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण, अपराधियों की गिरफ्तारी तथा लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में शराब बरामदगी, भूमि विवाद, परिवाद, संचित कुर्की एवं वारंट से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित कांडों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।इसके साथ ही विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज गंभीर आपराधिक कांडों के त्वरित एवं सफल अनुसंधान पर विशेष जोर दिया गया। अनुसंधान के दौरान साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन करने और अभियुक्तों के विरुद्ध ठोस साक्ष्य जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।वहीं, गंभीर आपराधिक मामलों के सफल अनुसंधान एवं साक्ष्यों के बेहतर संकलन में सराहनीय कार्य करने वाले विभिन्न अनुसंधानकर्ताओं को वरीय पुलिस अधीक्षक, मधुबनी की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। गोष्ठी के माध्यम से पुलिस पदाधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, जवाबदेही के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय रहने का संदेश दिया गया।
