उच्चैठ भगवती स्थान में दुर्गा पूजा की तैयारी तेज, सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम एसडीओ
नवरात्र के पहले दिन से सुबह तीन बजे ही तैनात होंगे पुलिस बल, सीसीटीवी से होगी निगरानी; मंदिर परिसर और मुख्य सड़क पर दुकान लगाने पर रहेगी रोक
बैठक करते अधिकारी
बेनीपट्टी
दुर्गा पूजा 2026 के अवसर पर उच्चैठ भगवती स्थान में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर शुक्रवार को उच्चैठ स्थित पंचायत भवन में बैठक हुई। अनुमंडल पदाधिकारी बेनीपट्टी शारंग पाणि पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत बेनीपट्टी गौतम आनंद ने पिछले वर्ष की व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए इस वर्ष पूजा आयोजन को बेहतर बनाने के लिए उपस्थित लोगों से सुझाव मांगे। स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर और नालों की समुचित साफ-सफाई तथा पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि साफ-सफाई का कार्य लगातार कराया जा रहा है और इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी।पंडा प्रतिनिधियों ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन से ही सुबह तीन से पांच बजे तक श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ रहती है। इसे देखते हुए पहले दिन से ही इस अवधि में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की मांग की गई। साथ ही रात एक बजे तक मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार ने आश्वस्त किया कि आवश्यकतानुसार पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने पंडा समिति को बैरिकेडिंग मजबूत करने और ड्रॉप गेट बनवाने का निर्देश भी दिया।
बिना नाम-पते और फोटो के जारी नहीं होगा वीआईपी पास
दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंडा समिति ने कुछ वीआईपी पास जारी करने का अनुरोध किया। इस पर एसडीओ ने स्पष्ट किया कि बिना नाम और फोटो के कोई पास जारी नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार संबंधित पंडा को व्यक्तिगत रूप से एक पास निर्गत किया जाएगा, जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं को दर्शन कराने में सुविधा मिल सकेगी।एसडीओ ने पंडा, दुकानदारों और आसपास के ग्रामीणों से शांतिपूर्ण ढंग से पूजा संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मंदिर के गर्भगृह, बरामदे और परिसर में पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी तैनात रहेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। पूरे मंदिर परिसर और गर्भगृह की सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। थानाध्यक्ष को सादे लिबास में भी विभिन्न स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती करने का निर्देश दिया गया, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
मंदिर परिसर और मुख्य सड़क पर दुकान लगाने पर रोक
बैठक के बाद एसडीओ सहित अन्य अधिकारियों ने मंदिर परिसर और तालाब के किनारे उन स्थानों का निरीक्षण किया, जहां श्रद्धालु दर्शन के लिए कतारबद्ध होते हैं। इस दौरान बैरिकेडिंग की मजबूती और साफ-सफाई को लेकर नगर पंचायत बेनीपट्टी एवं थानाध्यक्ष को आवश्यक निर्देश दिए गए।एसडीओ ने अंचल अधिकारी और थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि मंदिर परिसर में कोई दुकान नहीं लगे। मंदिर के मुख्य द्वार से मछली गेट तक सड़क पर भी दुकान लगाने पर रोक सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन में बाधा नहीं आए।बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार, पुलिस निरीक्षक अखिलेश कुमार, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी राज कुमार झा, प्रखंड विकास पदाधिकारी महेश्वर पंडित, अंचल अधिकारी अभिषेक आनंद, कार्यपालक पदाधिकारी गौतम आनंद, थानाध्यक्ष अनुप कुमार, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रूपन साह सहित रघुनाथ, दीपक गिरी, देबू गिरी, गोलू, योगेन्द्र महतो, बेनीपट्टी थाना के पुलिस पदाधिकारी, दुकानदार एवं अन्य स्थानीय लोग उपस्थित थे।
