लोहिया चौक पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमण कराया गया खाली
अतिक्रमण खाली करते बुलडोजर
बेनीपट्टी
बेनीपट्टी बाजार के प्रमुख डॉ. लोहिया चौक से गुजरने वाली सड़कों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सोमवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रशासनिक अधिकारियों ने अतिक्रमण हटाकर सड़क एवं सार्वजनिक स्थल को खाली कराया। कार्रवाई के दौरान बेनीपट्टी थाना पुलिस के साथ पुलिस लाइन से आए जवानों की भी बड़ी संख्या में तैनाती की गई थी।अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व बेनीपट्टी के अंचलाधिकारी (सीओ) अभिषेक आनंद ने किया। मौके पर नगर पंचायत बेनीपट्टी के कार्यपालक पदाधिकारी गौतम आनंद, राजस्व अधिकारी गणेश कुमार साहू, अंचल अमीन लोकेश कुमार सहित बेनीपट्टी थाना पुलिस एवं पुलिस लाइन के जवान मौजूद थे।
प्रशासन के अनुसार, पूर्व में जारी आदेश एवं नोटिस के आलोक में यह कार्रवाई की गई है। संबंधित भूमि को लेकर अतिक्रमण वाद संख्या 10/2026-27 दर्ज है। प्रशासन की ओर से संबंधित अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्देश का अनुपालन नहीं होने पर प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण खाली कराया।प्रमुख चौराहे पर हुई इस कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क एवं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
