सुबह की सैर बनी आखिरी सफर, स्कॉर्पियो ने तीन महिलाओं को कुचला
बेनीपट्टी में दर्दनाक सड़क हादसा : एक ही गांव की तीन महिलाओं की मौके पर मौत, घंटों सड़क जाम
घटनास्थल पर पुलिस और भीड़
बेनीपट्टी
बेनीपट्टी स्टेट हाईवे पर जगदंबा पेट्रोल पंप के समीप रविवार अहले सुबह करीब 5:25 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने मॉर्निंग वॉक कर रही महिलाओं को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही गांव की तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और कई घंटों तक सड़क पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
घटना की जानकारी मिलते ही बेनीपट्टी के थाना अध्यक्ष अनूप कुमार, अरेर थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए! बेनीपट्टी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी गौतम आनंद प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि राजेश यादव भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क जाम हटाने की वार्ता की!
जानकारी के अनुसार, नवटोली (धकजरी) गांव की छह महिलाएं रोजाना की तरह रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। घर लौटने के दौरान जगदंबा पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे चल रही महिलाओं को पीछे से आई तेज रफ्तार काले रंग की स्कॉर्पियो ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रीता देवी (42), किरण देवी (40) और फूलदाई देवी (70) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद सड़क पर मचा कोहराम, देखते ही देखते सैकड़ो लोगों की भीड़ जुट गई!
तीन महिलाओं की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों के आक्रोश और विभिन्न मांगों को लेकर सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर करीब एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
कई घंटे की मशक्कत के बाद खुला जाम
सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बेनीपट्टी और अरेर थाना की पुलिस के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। कई घंटे की प्रशासनिक मशक्कत के बाद सड़क जाम हटाया गया और यातायात सामान्य कराया जा सका।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद स्कॉर्पियो और उसके चालक को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।
नवटोली गांव में पसरा मातम
एक ही गांव की तीन महिलाओं की एक साथ मौत से नवटोली गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के परिचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।
