“सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ आमजनों को दिलाना प्राथमिकता”: :-जिलाधिकारी
सहयोग शिविर में जिलाधिकारी
मधुबनी
मधुबनी जिले के हरलाखी प्रखंड के पिपरौन पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने भाग लिया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, महिला समूहों की सदस्यों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।सहयोग शिविर में पोर्टल के माध्यम से विभिन्न समस्याओं से संबंधित 22 आवेदन प्राप्त हुआ, जिसपर त्वरित कारवाई करते हुए पोर्टल से प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है। वही शिविर के माध्यम से 20 से अधिक आवेदन जमा किया गया।पंचायत स्तर पर आयोजित इस शिविर में प्रशासन गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं के समाधान एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का कार्य किया।सहयोग शिविर के द्वारा आमजनों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उनके पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराना, समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गई तथा लोगों के आवेदन एवं शिकायती आवेदनों को प्राप्त किया गया।* *प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कारवाई करते हुए मौके पर ही निष्पादन भी किया गया, जिससे लोगों में विश्वास का माहौल बनता देखा गया।जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई एवं समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया। ग्रामीणों ने उनका ध्यान भारत-नेपाल सीमा तक जानेवाली सड़क के चौड़ीकरण करने, स्वास्थ्य केन्द्र का जीर्णोद्धार, अतिथि भवन का निर्माण, शवदाह गृह का निर्माण, मंदिर के समीप सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराने, तालाब का पक्कीकरण एवं नाला को कमला नहर से कनेक्ट करने आदि समस्याओं से अवगत कराया।पंचायत में शिविर के स्टॉल पर हनुमान मंदिर के पुजारी ने मन्दिर की भूमि से अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए आवेदन दिया गया।
अरविन्द ठाकुर के द्वारा दाखिल-खारिज नही होने से संबंधित आवेदन दिया गया।वीणा देवी के द्वारा पुराने राशन कार्ड को पुनः चालू करने का अनुरोध किया गया।राजेन्द्र महतो के द्वारा गलत दिशा में नाला का बहाव होने के संबंध में आवेदन दिया गया।रामनाथ पांडेय ने कृषि कार्य हेतु विद्युत कनेक्शन लेने में हो रही समस्या के संबंध में आवेदन दिया गया।जिलाधिकारी ने गांव के लोगो को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार से हम सभी अपने घरों को साफ-सफाई के साथ रखते है, वैसे ही अपने गांव को भी साफ-सुंदर रखना हर गांववासियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि पंचायत स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से करें, साक्ष्य के साथ शिकायत मिलने पर कड़ी करवाई की जायेगी।उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करें तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाय।सहयोग शिविर में सिविल सर्जन, हरेंद्र कुमार, उप-निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, परिमल कुमार, जिला पशुपालन पदाधिकारी, राजेश कुमार, सहायक आपदा पदाधिकारी, रजनीश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, रविशंकर पटेल, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, पल्लवी कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका, सीमा कुमारी सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
